जमशेदपुर: अगर आपने अभी तक अपने घरेलू एलपीजी गैस कनेक्शन की बायोमेट्रिक e-KYC नहीं कराई है, तो अब देर करना भारी पड़ सकता है. गैस कंपनियां और आपूर्ति विभाग छूटे हुए उपभोक्ताओं का सत्यापन तेजी से पूरा कराने में जुटे हैं. स्थानीय स्तर पर उपभोक्ताओं को 23 अगस्त तक e-KYC कराने का समय दिया गया है.
निर्धारित समय के भीतर e-KYC नहीं कराने पर गैस उपभोक्ताओं को सब्सिडी से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में समय रहते यह प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है.
e-KYC नहीं कराया तो क्या हो सकता है असर?
गैस कंपनियों के अनुसार, अंतिम तिथि के बाद सिस्टम में सत्यापन नहीं होने पर घरेलू गैस कनेक्शन से जुड़ी कई सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. उपभोक्ताओं को गैस रिफिल के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है. इसके अलावा, सब्सिडी मिलने में भी परेशानी आ सकती है.
हालांकि, कंपनियों का कहना है कि e-KYC नहीं होने पर गैस कनेक्शन तुरंत रद्द नहीं किया जाएगा, लेकिन सत्यापन पूरा होने तक कई सुविधाएं प्रभावित हो सकती हैं.
आखिर e-KYC क्यों है जरूरी?
केंद्र सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय ने फर्जी और डुप्लीकेट गैस कनेक्शनों की पहचान करने के लिए e-KYC प्रक्रिया को अनिवार्य किया है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी सब्सिडी सीधे सही और पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचे.
जानकारी के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम और आसपास के क्षेत्रों में अभी भी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं का सत्यापन बाकी है. यही वजह है कि गैस एजेंसियों में लोगों की भीड़ बढ़ रही है.
घर बैठे सिर्फ 5 मिनट में ऐसे करें e-KYC
अगर आप गैस एजेंसी जाकर लंबी कतार में नहीं लगना चाहते हैं, तो अपने मोबाइल से भी e-KYC पूरी कर सकते हैं.
सबसे पहले Google Play Store से Aadhaar FaceRD ऐप डाउनलोड करें. इसके बाद अपनी गैस कंपनी का आधिकारिक ऐप डाउनलोड करें. इंडेन के ग्राहक IndianOil ONE ऐप का इस्तेमाल करें. भारत गैस के ग्राहक Hello BPCL ऐप डाउनलोड करें. एचपी गैस के ग्राहक HP Pay ऐप का उपयोग करें. रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन करें. प्रोफाइल या सर्विस सेक्शन में जाकर Re-eKYC विकल्प चुनें. फेस स्कैन के जरिए अपनी पहचान सत्यापित करें.
गैस एजेंसी और डिलीवरी बॉय के जरिए भी करा सकते हैं e-KYC
जो लोग मोबाइल ऐप का इस्तेमाल नहीं कर सकते, वे अपने नजदीकी गैस एजेंसी में जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. इसके लिए आधार कार्ड, गैस पासबुक और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर साथ ले जाना होगा. इसके अलावा, सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान डिलीवरी बॉय के पास मौजूद पीओएस मशीन के जरिए भी फिंगरप्रिंट या फेस स्कैन कर e-KYC कराया जा सकता है.
गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अंतिम समय का इंतजार न करें और 23 अगस्त से पहले यह जरूरी काम पूरा कर लें.
