कोवाली : पोटका प्रखण्ड अंतर्गत कोवाली पंचायत के कुटसुरी गाँव में विधायक निधि से बसंत महाकुड़ के जमीन से श्रीकांत महाकुड़ के जमीन तक सिचाई नाला निर्माण कार्य मे विवाद उत्पन्न हो गया है. इस मामले मे भाजपा और ग्रामीण आमने सामने नजर आते दिख रहा है. मामले को लेकर भाजपा नेताओं ने निर्माण कार्य मे अनियमितता का आरोप लगाते हुए डीडीसी को ज्ञांपन सौंपकर मामले की जांच की मांग की है, वही कुटसुरी के ग्रामीणों ने भाजपा नेता पर रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन कर विकास कार्य को रोकने के प्रयास का आरोप लगाये है.
कुटसुरी में नाला निर्माण में अनियमितता बरती गयी, जांच कर कार्रवाई हो : मनोज कुमार सरदार
भाजपा अजजा मोर्चा के जमशेदपुर महानगर मंत्री मनोज कुमार सरदार ने उपविकाय आयुक्त पूर्वी सिंहभूम को ज्ञांपन सौंपते हुये कहा कि कुटसुरी गाँव में बसंत महाकुड़ के जमीन से श्रीकांत महाकुड़ के जमीन तक नाला निर्माण में संवेदक द्वारा भारी अनियमितता बरती जा रही है. यहाँ वर्षों पहले बने पुरानी नाले में एक परत ईंट जोड़ाई के बाद प्लास्टर कर लीपापोती किया गया है .
नीचे का फ्लोर ढलाई भी ठीक से नहीं किया गया है जिससे दरारें उभर कर एक ही बारिश में ढलाई उखड़ने लगी है. योजना स्थल पर शिलापट्ट लगाया गया है लेकिन योजना बोर्ड नहीं लगाया गया है जिससे योजना की पारदर्शिता पर सवाल उठ रही है. मंत्री मनोज कुमार सरदार ने अनियमितता की उचित जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग किया है.
इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री गणेश सरदार, जिला परिषद सुरज मंडल, पोल्टू मंडल, प्रकाश सरदार, गोरा कर्मकार उपस्थित थे. इधर मनोज कुमार सरदार ने रुपये मांगने का आरोप को निराधार बताये है.
भाजपा नेता रुपया मांग, नहीं देने पर आरोप लगाकर बाधा पहुंचा रहे : ग्रामीण
कुटसुरी के ग्रामीणों ने भाजपा नेता मनोज सरदार पर काम के एवज मे रुपये मांगने एवं विकास कार्यो में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुये जिर्णोद्वार स्थल मे प्रदर्शन किया है. यहां ग्रामीणों ने कहा कि भाजपा नेता सह जिप सदस्य सविता सरदार के पति मनोज कुमार सरदार विधायक संजीव सरदार की पहल से कराये जा रहे सिंचाई नाला जीर्णोद्धार कार्य में अनावश्यक हस्तक्षेप कर रहे है.
कुछ दिन पूर्व मनोज कुमार सरदार निर्माण स्थल पर पहुंचे थे और कार्य देख रहे मुंशी से रुपये की मांग किये थे. इसके दुसरे दिन भी स्थल मे पहुंचे और रुपये की मांग किये. रुपये नहीं देने पर निर्माण कार्य का वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा उपायुक्त से शिकायत करने की धमकी दिया था. ग्रामीणों के कहा कि यहां मुंशी ने कहा कि कार्य का भुगतान ही नहीं हुआ है, ऐसे में रुपये देने का सवाल ही नहीं बनता है.
विरोध कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि गांव में सिंचाई नाला निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन इस दिशा में कोई पहल नहीं हुयी. अब विधायक संजीव सरदार की पहल पर नाला का जीर्णोद्धार कार्य शुरू हुआ है तो उसमें बाधा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है. इस दौरान अलोक महाकुड़, अलंग महाकुड़, सुब्रोत प्रधान आदि उपस्थित थे.
