Jamshedpur News : जुगसलाई : किराना दुकान में फायरिंग कांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, कार से गोली व मैगजीन बरामद
जुगसलाई थाना पुलिस ने किराना दुकान में हुई फायरिंग मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी सैयद अदनान मिर्जा को गुरुवार रात गिरफ्तार किया.
Jamshedpur News : जुगसलाई : किराना दुकान में फायरिंग कांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, कार से गोली व मैगजीन बरामद
Jamshedpur News :
जुगसलाई थाना पुलिस ने किराना दुकान में हुई फायरिंग मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी सैयद अदनान मिर्जा को गुरुवार रात गिरफ्तार किया. शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) सुमित कुमार ने बताया कि इस कांड में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अदनान मिर्जा को दबोचा. उसके कब्जे से एक कार भी जब्त की गयी. आरोपी की निशानदेही पर कार की पिछली सीट के नीचे से दो मैगजीन और चार जिंदा गोलियां बरामद की गयीं. इसके अलावा उसके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किये गये हैं. डीएसपी ने बताया कि फायरिंग मामले की जांच के दौरान सैयद अदनान मिर्जा की संलिप्तता सामने आयी थी. इससे पहले उसके दो साथी मो. रेहान और मो. अरमान उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. अदनान मिर्जा के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं. इस कार्रवाई में जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे.
फराज समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस इस मामले में आजादनगर रोड नंबर-16, ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी मो. फराज खान की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस ने उसके घर पर भी दबिश दी, लेकिन वह फरार मिला. इस संबंध में जुगसलाई थाना में पदस्थापित एसआइ राजेश बिहा के बयान पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. वहीं, किराना दुकान फायरिंग कांड में पुलिस जुगसलाई चूनाशाह कॉलोनी निवासी अलहम के तीन बेटों- मो. औरंगजेब उर्फ कल्लू, मो. सुकट और मो. समर की भी तलाश कर रही है.
राजेश कुमार सिंह, 19 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे है. कटिहार जिला के मनिहारी अनुमंडल से प्रिंट के साथ डिजिटल में तीन वर्षों से कार्य कर रहे हैं. राजनीति, समाजिक क्षेत्र में गहरी रूचि रखते हैं.