वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र में सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान के सर्वे का कार्य पूर्ण हो गया है. झारखंड सरकार के निर्देश पर राज्य के 10 नगर निकायों में यह कार्य चल रहा था. इसके लिए एनआइटी कालीकट (केरल) और नगर विकास विभाग के बीच समझौता हुआ है. एनआइटी कालीकट की विशेषज्ञ टीम ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर विभिन्न बस्तियों, स्लम एरिया और व्यावसायिक क्षेत्रों में करीब 600 लोगों का सर्वे किया है.
इस आधार पर आगामी पांच वर्षों का रोडमैप तैयार किया जायेगा. मंगलवार को दीनदयाल अंत्योदय योजना के तहत सिटी लाइवलीहुड एक्शन प्लान तैयार करने को लेकर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के सभागार में नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में शहरी गरीबों और कमजोर वर्ग के लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने पर मंथन हुआ.
कौशल प्रशिक्षण और नये वेंडिंग जोन बनाने पर जोर
नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि वल्नरेबल ग्रुप को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से उद्यमिता से जोड़ने की जरूरत है. उन्होंने नये वेंडिंग जोन बनाने और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को उचित बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया. बैठक में जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी मुकेश कुमार, सलिल तिर्की, जिला उद्योग केंद्र व जेएसएलपीएस के अधिकारी, टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्य और एनआइटी कालीकट के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
