झामुमो ने आर-पार की लड़ाई का किया ऐलान, अब सभी प्रखंड मुख्यालयों में शक्ति प्रदर्शन की बारी

झामुमो ने केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम 2026 के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है. शनिवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे.

जमशेदपुर: केंद्र सरकार द्वारा लागू किये गये खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम 2026 के खिलाफ झामुमो ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है. इस अधिनियम के विरोध में शनिवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर झामुमो कार्यकर्ता और नेता जोरदार प्रदर्शन करेंगे. झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला समिति ने विरोध-प्रदर्शन की तमाम तैयारियां पूरी कर ली हैं.

झामुमो पूर्वी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने बताया कि शनिवार को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) कार्यालय, साकची समेत जिले के सभी प्रखंड मुख्यालय में आयोजित होने वाला विरोध प्रदर्शन ऐतिहासिक होगा. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह कानून झारखंड के खनिज संसाधनों को बड़े उद्योगपतियों के हाथों सौंपने की साजिश है, जिसे झामुमो किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा. आंदोलन के जरिए केंद्र सरकार को कड़ा संदेश दिया जाएगा.

पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ प्रखंडों में गूंजेगा विरोध

शनिवार को जिले के सभी प्रखंडों में झामुमो का विशाल शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलेगा. पार्टी कार्यकर्ता अपनी भाषाई और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक पारंपरिक गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ सड़कों पर उतरेंगे. कार्यकर्ताओं का स्पष्ट कहना है कि केंद्र सरकार का यह संशोधन कानून राज्य के जल, जंगल और जमीन पर सीधा हमला है. इस संशोधन अधिनियम 2026 को तुरंत प्रभाव से रद्द करने की मांग को लेकर प्रखंड मुख्यालयों पर जोरदार हुंकार भरी जाएगी.

हजारों कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का निर्देश जारी

विरोध-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए जिला नेतृत्व पूरी तरह से मुस्तैद है. जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने जिले के सभी प्रखंडों और जमशेदपुर नगर के सभी शाखा अध्यक्षों एवं सचिवों को स्पष्ट निर्देश जारी किये हैं. निर्देश के तहत हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं को अपनी मौजूदगी दर्ज कराने को कहा गया है. पंचायत स्तर से लेकर नगर स्तर तक के कार्यकर्ताओं को एकजुट कर साकची और सभी प्रखंड कार्यालयों में बड़ा जमावड़ा जुटाने की रणनीति तैयार की गई है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दशमत सोरेन

दशमत सोरेन ने रांची विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर किया है. वे 29 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उनकी विशेषज्ञता मुख्य रूप से झारखंड की आदिवासी-मूलवासी राजनीति, स्थानीय समुदायों की भाषा-संस्कृति और यहां के सामाजिक ताना-बाना है. वे वर्ष 2010 से प्रभात खबर के साथ एक ट्राइबल रिपोर्टर के रूप में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >