जमशेदपुर से अशोक झा की रिपोर्ट
Transfer Posting: झारखंड सरकार ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए झारखंड प्रशासनिक सेवा के 81 अधिकारियों का स्थानांतरण और पदस्थापन किया है. कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) और कोल्हान प्रमंडल के कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती की गई है. जबकि यहां कार्यरत कुछ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी देकर स्थानांतरित किया गया है. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.
रामगढ़ के एसडीओ बने जमशेदपुर के एडीसी
पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) का नया अपर उपायुक्त (एडीसी) अनुराग कुमार तिवारी को बनाया गया है. इससे पूर्व वे रामगढ़ में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के तौर पर पदस्थापित थे. वहीं, जमशेदपुर में कार्यरत जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) धनंजय का तबादला रांची कर दिया गया है. उन्हें रांची का नया अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) बनाया गया है. साथ ही घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र का भी तबादला कर दिया गया है. उन्हें अब बोकारो का अपर समाहर्त्ता नियुक्त किया गया है.
मानगो नगर निगम को मिला दूसरा अपर नगर आयुक्त
जितेंद्र कुमार यादव को मानगो नगर निगम का नया अपर नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है. इसके पहले वे पलामू में जिला परिवहन पदाधिकारी के पद पर कार्यरत थे. मानगो नगर निगम के दूसरी बार है. जब पूर्णकालिक अपर नगर आयुक्त की तैनाती की गयी है. इससे पहले पहली बार रंजीत लोहरा को इस पद पर नियुक्त किया गया था. वर्तमान में मानगो नगर निगम का कामकाज अतिरिक्त प्रभार के रूप में उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार संभाल रहे थे. जिन्हें अब इस नये पदस्थापन से नियमित अधिकारी मिल गया है.
कोल्हान प्रमंडल और चाईबासा में भी फेरबदल
अधिसूचना के अनुसार कोल्हान प्रमंडल के प्रशासनिक ढांचे में भी कई बदलाव हुए हैं. गिरिडीह के उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथु महतो का तबादला करते हुए उन्हें सचिव, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकार, सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल के पद पर पदस्थापित किया गया है. सिमडेगा के जिला पंचायत राज पदाधिकारी दयानंद कार्जी को स्थानांतरित करते हुए सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल के आयुक्त का सचिव बनाया गया है. बुंडू (रांची) के अनुमंडल पदाधिकारी किस्टो कुमार बेसरा को पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) का नया अपर उपायुक्त नियुक्त किया गया है.
यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति दुरुस्त रखने का निर्देश, JBVNL निदेशक ने किया सबस्टेशनों का निरीक्षण
यह भी पढ़ें: झारखंड में बालू को लेकर बड़ा खेल, स्टॉक यार्ड में बालू ही नहीं तो नीलामी का टेंडर कैसे निकाला
