जमशेदपुर : मानगो नेचर पार्क के समीप शनिवार को आयोजित बैठक में झारखंड आंदोलनकारी बाबर खान के अनुज इमरान खान अपने सैकड़ों समर्थकों और साथियों के साथ झामुमो में शामिल हुए. झामुमो मानगो नगर समिति की ओर से इमरान खान और उनके समर्थकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया. कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
युवाओं का झामुमो से जुड़ना राज्य के लिए शुभ संकेत : शेख बदरुद्दीन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड आंदोलनकारी सह झामुमो के वरिष्ठ नेता शेख बदरुद्दीन ने इमरान खान समेत उनके साथ आए सभी लोगों का स्वागत किया. उन्होंने कहा - युवाओं का लगातार झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़ना राज्य के लिए शुभ संकेत है. युवाओं के राजनीति में आने से जनहित और राज्यहित के मुद्दों को मजबूती मिलेगी. उन्होंने कहा कि युवा वर्ग सकारात्मक सोच के साथ संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
मानगो में झामुमो का जनाधार हो रहा मजबूत : फतेह चंद टुडू
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे फतेह चंद टुडू ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में झामुमो का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है. इमरान खान और उनकी पूरी टीम के पार्टी में शामिल होने से संगठन को और मजबूती मिलेगी. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मानगो में झामुमो एक मजबूत संगठन के रूप में उभरेगा. कार्यक्रम का संचालन भरत सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मोहम्मद नसीर ने किया.
झारखंड के अधिकारों की रक्षा का लिया संकल्प
झामुमो में शामिल होने के बाद इमरान खान ने कहा कि वर्तमान समय झामुमो का है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार के कार्यों को लेकर लोगों में सकारात्मक माहौल है. उन्होंने केंद्र सरकार की खनिज एवं खनन संबंधी नीतियों पर चिंता जताते हुए कहा कि झारखंड की खनिज संपदा और राज्यहित से जुड़े कानूनों में बदलाव गंभीर विषय है. उन्होंने कहा कि ऐसे फैसलों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जरूरी है, अन्यथा राज्य को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है. इमरान खान ने 7 सितंबर 2026 को प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने के लिए झारखंडवासियों से बड़ी संख्या में लोकतांत्रिक तरीके से शामिल होने की अपील की.
अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने का किया आह्वान
उन्होंने जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया.मौके पर फैयाज खान, मोहम्मद नसीर, सैयद मुस्ताक, हसनैन, उज्ज्वल, अमरीक सिंह, अवतार सिंह, संतोष कुमार, कृष्ण मुखी, बदल मुखी, गणेश मुखी, रईस अंसारी, बाबू खान, ईरशाद अंसारी समेत बड़ी संख्या में झामुमो समर्थक एवं स्थानीय लोग मौजूद थे.
