Jamshedpur Murder News: झारखंड के जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड में 25-30 युवकों ने मिलकर राहुल कुमार सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या कर दी. मृतक राहुल बस्ती के पास का रहनेवाला था. घटना बुधवार शाम करीब सात बजे की है. हमलावरों ने राहुल को पहले लाठी-डंडे से मारा, फिर ईंट व पत्थर से कूच कर और उसके बाद गोलियां मार कर उसकी हत्या कर दी. हालांकि कितनी गोलियां लगी हैं, इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है.
साथियों ने किया हंगामा
घटना के बाद राहुल के साथियों ने टीएमएच में हंगामा किया. वह हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया. मानगो गुरुद्वारा रोड निवासी राहुल कुमार सिंह उर्फ राहुल बच्चा श्रीराम स्टोर और मजार के पास स्थित सड़क के पास गाड़ी लेकर खड़ा था. उसके साथ दोस्त भी थे. इसी बीच करीब 25 से 30 युवक आए और हमला कर दिया. जब राहुल गिर कर लहूलुहान हो गया, तो हमलावर वहां से फरार हो गये. इसके बाद राहुल के साथी आये और उसे बाइक से लेकर सीधे टीएमएच पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया. बाद में पुलिस टीम वहां पहुंची.
लड़की के फेर में शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा
घटना के चश्मदीद आयुष दुबे ने बताया कि एक लड़की के चक्कर में विवाद शुरू हुआ था. इंस्टाग्राम पर शब्बे और राहुल के बीच कहा-सुनी शुरू हुई थी. लगातार देख लेने की धमकी भी दी गई थी. घटना की सूचना मिलने के बाद उक्त लड़की टीएमएच पहुंची, इसके बाद आक्रोशित युवकों ने उक्त लड़की को वहां से भगा दिया. इसके बाद लड़की रोते हुए वहां से चली गई. इस दौरान पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा. राहुल कुमार सिंह उर्फ राहुल बच्चा करीब एक साल पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था. उस पर आपराधिक मुकदमा दायर था. वहीं, शब्बे भी आर्म्स एक्ट और हत्या के मामले में पूर्व में जेल गया था. अभी जमानत पर बाहर है.
ये भी पढ़ें: झारखंड: कुड़ू के आवासीय स्कूल में घुसा करैत सांप, रात को सो रही 4 छात्राओं को काटा, एक की मौत
ये भी पढ़ें: चक्रधरपुर में 8 साल से अधूरी है 7.33 किमी सड़क, आरईओ ऑफिस के बाहर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
ये भी पढ़ें: 'मंत्री महोदया, सिमडेगा के गांवों को टापू बनने से बचाएं', दीपिका पांडेय सिंह से मिले विधायक भूषण बाड़ा
