जमशेदपुर: जमशेदपुर में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है. शुक्रवार को दिनभर तेज धूप और उमस के बाद शाम में हुई झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी. मौसम विभाग के अनुसार, शहर में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है. 29 अगस्त से एक सितंबर तक झारखंड के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है. इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
24 घंटे में 22 एमएम बारिश
शहर में शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया. दोपहर तक सूरज की तपिश बनी रही, जिससे आम जनजीवन पर गर्मी का असर साफ देखा गया, हालांकि, शाम में मौसम ने करवट बदली. आसमान में अचानक बादल छाने लगे और ठंडी हवा चलने लगी.
देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गयी. इसने पूरे माहौल को सुहाना बना दिया. दिनभर की तपिश के बाद शाम में हुई बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी. शहर के अलग-अलग इलाके में देर रात तक बारिश जारी रही. मौसम विभाग ने पहले ही शुक्रवार को बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई थी.
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में 22 एमएम बारिश दर्ज की गयी. शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा. शाम की बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया और वातावरण में ठंडक घोल दी.
आज कैसा रहेगा जमशेदपुर का मौसम
शनिवार को जमशेदपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग ने आज भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी है. अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
1 सितंबर तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, 30 अगस्त को भी बारिश और गरज-चमक के आसार हैं, जबकि 31 अगस्त और 1 सितंबर को भी बारिश के साथ भारी बारिश की चेतावनी है. झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां समेत कई जिलों में बारिश की संभावना जतायी गयी है.
यानी जमशेदपुरवासियों को अगले कुछ दिनों तक धूप, उमस और अचानक बारिश के बदलते मौसम का सामना करना पड़ सकता है. खासकर गरज-चमक और तेज हवा के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
