जमशेदपुर: शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार चोरी और छिनतई की वारदातों को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच शातिर अपराधियों को धर दबोचा.
31 मोबाइल, सोने के आभूषण और वाहन बरामद
गिरफ्तार होने वालों में तुषार कालिंदी , सन्नी कालिंदी, लक्ष्मण बागती, आकाश दत्ता उर्फ चेपा, सावन देवगम उर्फ बच्चा शामिल है. पुलिस ने पकड़े गए अपराधियों के पास से छिनतई और चोरी के 31 मोबाइल फोन, सोने के आभूषण, चोरी की दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस के अनुसार, यह गिरोह योजनाबद्ध तरीके से राहगीरों को निशाना बनाता था और सुनसान इलाकों में छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता था.
पांच आरोपी भेजे गए जेल
एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब ने अपने कार्यालय में गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि ये अपराधी संगठित रूप से वारदातों को अंजाम देने के बाद माल को ठिकाने लगाते थे और अगली घटनाओं की रूपरेखा तैयार कर रहे थे. पुलिस टीम काफी समय से इनके पीछे लगी हुई थी.
तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर सभी को रंगे हाथ पकड़ा गया. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पकड़े गए सभी पांचों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस इस गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है.
