Jamshedpur news. ट्रैफिक जांच के नाम पर आतंक फैला रही है जमशेदपुर पुलिस : सरयू राय

कदमा के कार्यकर्ताओं की बैठक में विधायक ने कहा, हर चेकिंग प्वाइंट पर पांच कार्यकर्ता रहेंगे

Jamshedpur news.

विधायक सरयू राय ने बिष्टुपुर स्थित आवासीय कार्यालय में शुक्रवार को कदमा मंडल के सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के दौरान कहा कि ट्रैफिक जांच के नाम पर जमशेदपुर पुलिस शहर में आतंक फैला रही है. इस कदर गाड़ियों को रोकती है, मानो छापेमारी कर रही है और किसी आतंकी को पकड़ने की ताक में बैठी है. बैठक में तय किया गया कि एक शीर्ष प्रतिनिधिमंडल यातायात पदाधिकारी से मिलेगा और 15 अप्रैल तक स्थिति नहीं सुधरी, तो हर ट्रैफिक चौक पर पांच प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे और ट्रैफिक के नाम हो रही वसूली की जांच करेंगे. बैठक की अध्यक्षता कर रहे विधायक सरयू राय को कार्यकर्ताओं ने कदमा क्षेत्र में ट्रैफिक जांच के नाम पर नागरिकों को हो रही परेशानियों के बारे में जानकारी दी. लोगों ने उन्हें बताया कि जांच के नाम पर लोगों को परेशान किया जाता है और अवैध रूप से पैसे लिए जाते हैं.

विधायक सरयू राय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय हुआ कि प्रत्येक चेकिंग प्वाइंट पर 4-5 कार्यकर्ता तैनात रहेंगे और वाहन जांच की जांच करेंगे. यह भी फैसला हुआ कि रांची की तर्ज पर जांच कराने तथा सीसीटीवी के माध्यम से जांच के संबंध में जल्द ही यातायात प्रभारी और डीएसपी से मिलेंगे. कदमा-सोनारी लिंक रोड पर तीन जगह वाहन चेकिंग प्वाइंट बनाए जाने पर आश्चर्य व्यक्त किया गया. विधायक को बताया गया कि कदमा में कई स्थलों पर मटका और जुआ का खेल चल रहा है. श्री राय ने इस संबंध में कदमा थाना प्रभारी को दूरभाष पर वार्ता कर 24 घंटे के भीतर इन सभी अवैध गतिविधियों को बंद करवाने का निर्देश दिया. लोगों ने श्री राय को बताया कि टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल के समीप अवैध तरीके से दुकानें बना ली गयी हैं. इस संबंध में श्री राय को उपायुक्त ने बताया कि टाटा स्टील ने अवैध दुकानों को हटवाने के लिए जेपीएलइ केस किया है. मरीन ड्राइव पर बने कौशल विकास केंद्र में चल रही अवैध गतिविधियों को बंद कराने का भी मुद्दा उठा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >