jamshedpur news : पूर्वी सिंहभूम जिले के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. सोमवार से जिले में बालू वर्तमान बाजार दर से कम में उपलब्ध होने की उम्मीद है, क्योंकि जिला खनन विभाग ने रविवार को जिले के दो प्रमुख बालू घाटों के लिए ऑनलाइन परिवहन चालान (चालान जेनरेशन) जारी कर दिया. इससे जिले में वर्षों बाद वैध तरीके से बालू के उठाव और आपूर्ति का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है.
झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण परिषद से ””कंसेंट टू ऑपरेट”” (सीटीओ) मिलने के बाद खनन कार्यालय ने ऑनलाइन परिवहन चालान जारी करने की प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद पश्चिम बंगाल की चयनित निर्माण एजेंसी मेसर्स गोदावरी कमोडिटीज लिमिटेड के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने घाट पर पूजा-अर्चना कर संचालन की शुरुआत की. वर्तमान में वैध घाट न होने के कारण बाहर से आने वाला या अवैध बालू 30 से 40 हजार रुपये प्रति हाइवा तक बिक रहा था.इन दो बालू घाटों से शुरू होगा उठाव
प्रशासन द्वारा जिन दो घाटों को हरी झंडी दी गयी है, उसमें 34.70 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला कोरिया मोहनपाल बालू घाट और 46.30 हेक्टेयर क्षेत्र में विस्तृत कोरिया मोहनपाल एवं सुवर्णरेखा बालू घाट शामिल हैं. इन दोनों ही घाटों से अब नियमसंगत तरीके से बालू का संचालन और परिवहन किया जा सकेगा.
सरकार को मिलेगा 20 करोड़ का राजस्व, रुकेगा अवैध खनन
खनन विभाग के दावों के मुताबिक, इन दोनों घाटों के विधिवत संचालन से राज्य सरकार को लगभग 20 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा. इसके अलावा, वैध चालान के जरिए बालू की आपूर्ति होने से क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध बालू उठाव और परिवहन की गतिविधियों पर प्रभावी रूप से अंकुश लग सकेगा. बालू की सहज उपलब्धता से जिले में ठप पड़ी सरकारी व निजी विकास योजनाओं और आवास निर्माण के कार्यों को नयी गति मिलेगी.बाकी बालू घाट भी जल्द शुरू होंगे
जिले में दो बालू घाटों के लिए परिवहन चालान जारी कर संचालन की अनुमति दे दी गयी है. जल्द ही तीन अन्य बालू घाटों को भी चालू करने की तैयारी है, ताकि आम लोगों को और सहूलियत हो सके.-सतीश कुमार नायक, जिला खनन पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम
