बैग में तीन लाख के गहने, नगद व मोबाइल था
टेंपो चालक को लावारिश हालत में मिला था बैग
गत 17 जनवरी को सीआरपीएफ जवान के माता-पिता का बैग हो गया था गुम
Jamshedpur News :
सुंदरनगर में पदस्थापित सीआरपीएफ जवान अमित कुमार के माता-पिता का गायब हुआ बैग एक माह बाद शनिवार को पुलिस ने बरामद कर उन्हें लौटा दिया. पुलिस ने टेंपो चालक सिदगोड़ा निवासी नंदलाल प्रसाद के जरिये ही सीआरपीएफ जवान अमित कुमार को बैग समेत उसमें रखे करीब तीन लाख रुपये के गहने, तीन हजार रुपये नगद और मोबाइल फोन लौटाया. जानकारी के अनुसार गत 17 फरवरी को बनारस से अमित कुमार के माता-पिता बस स्टैंड पहुंचे और टेंपो से छोटा गोविंदपुर जाने लगे. रास्ते में उनका बैग गुम हो गया. बैग में गहना, मोबाइल और तीन हजार रुपये थे. अमित कुमार और परिवार के लोगों ने बैग की तलाश की, लेकिन पता नहीं चला. जिसके बाद सीतारामडेरा थाना में सनहा दर्ज कराया.इधर, भालूबासा चौक के पास बैग लावारिश हालत में सिदगोड़ा निवासी टेंपो चालक नंदलाल प्रसाद को मिला. वे उक्त बैग को थाना पहुंचाने के बदले साथ घर ले गये. इस दौरान मोबाइल बंद कर दिया. शनिवार को उन्होंने मोबाइल को ऑन किया. मोबाइल के ऑन होते ही पुलिस टावर लोकेशन के आधार पर उनके घर पहुंची. पुलिस के घर पहुंचते ही नंदलाल प्रसाद ने बैग वापस लौटा दिया. जिसके बाद सीतारामडेरा थाना प्रभारी विनय मंडल ने बैग मिलने की सूचना सीआरपीएफ जवान अमित कुमार को दी और थाना बुलाया. जिसके बाद पुलिस टेंपो चालक नंदलाल प्रसाद को भी थाना बुलाकर बैग सीआरपीएफ जवान अमित कुमार के हवाले कर दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
