जमशेदपुर से अशोक झा की रिपोर्ट
Jamshedpur News: झारखंड की लौहनगरी जमशेदपुर के चिकित्सा जगत के लिए गुरुवार का दिन बेहद दुखद रहा. शहर के वरिष्ठतम चिकित्सकों में से एक और टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) के मेडिसिन विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष (एचओडी) डॉ. एबी बलसारा का दोपहर में निधन हो गया. वे अपनी सादगी, विनम्रता और प्रकांड विद्वता के लिए जाने जाते थे. उनके निधन की खबर मिलते ही शहर के चिकित्सा जगत और प्रबुद्ध वर्ग में शोक की लहर दौड़ गयी. पारिवारिक सूत्रों के अनुसार डॉ. बलसारा का अंतिम संस्कार शुक्रवार (कल) दोपहर लगभग 12 बजे किया जायेगा.
नागपुर मेडिकल कॉलेज नागपुर से टीएमएचतक का सफर
डॉ. एबी बलसारा का चिकित्सा करियर बेहद प्रभावशाली रहा. जमशेदपुर आने से पहले वे गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, नागपुर में मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे. इसके बाद उन्होंने टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ज्वाइन किया. जहां वे मेडिसिन विभाग के एचओडी बने और इसी पद से सेवानिवृत्त हुए. वे डीएनबी (मेडिसिन) पोस्टग्रेजुएट डिग्री के लिए बतौर परीक्षक भी अपनी सेवाएं देते रहे.
आइएमए ने 2022 में किया था सम्मानित
समाज के प्रति उनकी विशिष्ट सेवाओं को देखते हुए आइएमए जमशेदपुर ने वर्ष 2022 में उन्हें अन्य वरिष्ठ सदस्यों के साथ विशेष रूप से सम्मानित किया था. वे आइएमए के सबसे वरिष्ठ आजीवन सदस्यों में से एक थे. उनके सहकर्मियों के अनुसार वे एक अत्यंत विनम्र और ज्ञानवान व्यक्ति थे. जिन्होंने हमेशा मरीजों के हित को सर्वोपरि रखा.
इसे भी पढ़ें: गेतलसूद वाइन शॉप फायरिंग कांड का खुलासा : हथियार के साथ तीनों बदमाश गिरफ्तार
आइएमए ने जताया गहरा दुख
डॉ. एबी बलसारा के निधन पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) ने गहरा शोक व्यक्त किया है. आइएमए के अध्यक्ष डॉ. जीसी माझी, सचिव डॉ. सौरभ चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने इसे चिकित्सा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है. सदस्यों ने कहा कि डॉ. बलसारा की कार्यशैली और समर्पण आने वाली पीढ़ी के चिकित्सकों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे.
इसे भी पढ़ें: दुबई में फंसे झारखंड के तीन कारोबारी, वतन वापसी की कोशिश लगातार जारी
