अब हाइवे पर गलत पार्किंग किया तो कट जाएगा चालान, यहां जानें क्या है नयी व्यवस्था...

पूर्वी सिंहभूम जिले में अब नेशनल हाइवे पर गलत तरीके से गाड़ियां खड़ी करना महंगा पड़ेगा. प्रशासन ने नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर फोटो-वीडियो के आधार पर चालान काटने का फैसला किया है. साथ ही हादसों को रोकने के लिए स्पीड गन और गड्ढे भरने के भी निर्देश दिए गए हैं.

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले से गुजरने वाले नेशनल हाइवे पर अब गलत तरीके से गाड़ियां खड़ी करने वालों पर प्रशासन कार्रवाई करने जा रहा है. डीसी कार्यालय में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शनिवार को सड़क सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक हुई. इसमें हादसों को रोकने, ट्रैफिक सुधारने और घायलों को तुरंत मदद पहुंचाने को लेकर कई बड़े फैसले लिये गये. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, धालभूम के एसडीएम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी के अलावा परिवहन, पुलिस, स्वास्थ्य और एनएचएआई विभाग के अधिकारी मौजूद थे.

नो-पार्किंग में गाड़ी खड़ी की तो फोटो-वीडियो से कटेगा चालान

हाइवे किनारे जहां-तहां गाड़ियां खड़ी करने की आदत पर डीसी ने कड़ी नाराजगी जतायी. उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से कहा - गलत पार्किंग वाली गाड़ियों की फोटो या वीडियो बनाकर तुरंत जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) को भेजें. ताकि सीधे चालान काटा जा सके. साथ ही जगह-जगह नो पार्किंग के बोर्ड लगाने और पेट्रोलिंग टीम को लगातार निगरानी रखने को कहा गया है.

हादसा होते ही पहुंचेगी एबुलेंस, अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश

हादसे के शिकार लोगों की जान बचाना सबसे बड़ी प्राथमिकता है. इसके लिए तय हुआ कि एनएचएआई यह तय करेगा कि दुर्घटना होते ही तुरंत मौके पर एंबुलेंस और क्रेन पहुंचे. ट्रॉमा सेंटर, घाटशिला अनुमंडल अस्पताल और बालीगुमा और बेलाजुड़ी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी ) में घायलों के इलाज के पूरे इंतजाम हमेशा तैयार रहेंगे.

जल्द लगेंगी स्पीड गन, भरे जाएंगे सड़क के गड्ढे

तेज रफ्तार से होने वाले हादसों पर लगाम लगाने के लिए डीसी ने जल्द स्पीड गन लगाने के निर्देश दिया. साथ ही चालकों को सचेत करने के लिए स्पीड लिमिट और सुरक्षा के स्लोगन वाले बोर्ड लगाये जायेंगे. हाइवे पर मौजूद सभी गड्ढों को प्राथमिकता के साथ भरने को कहा गया है. खासकर ओडिशा जाने वाले रास्ते में बहरागोड़ा पुल के नीचे की टूटी सड़क को तुरंत ठीक कराने का आदेश दिया गया. ताकि सफर आसान और सुरक्षित बन सके. इसके अलावा राहगीरों की सुविधाओं के लिए चोइरा सहित अन्य जगहों पर चल रहे काम को भी समय पर पूरा करने को कहा गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अशोक झा

अशोक कुमार झा प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनके पास 20 वर्षों से अधिक का एक लंबा, समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >