छिनतई के जेवर और फर्जी नंबर प्लेट बरामद करने गयी थी पुलिस टीम
मौके से बाइक, फर्जी नंबर प्लेट, पेचकस और जेवर बरामद
मुठभेड़ की सूचना पर कई थानों की पुलिस पहुंची घटनास्थल
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी
Jamshedpur News :
सिदगोड़ा थानांतर्गत कचरा डिपो के पास मंगलवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच फिल्मी अंदाज में मुठभेड़ हो गयी. छिनतई के जेवर और फर्जी नंबर प्लेट बरामद करने गयी पुलिस टीम पर गिरफ्तार अपराधी हरपाल ने एक पुलिस पदाधिकारी की सरकारी पिस्टल छीनकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गबरू के बाएं पैर में गोली लगी और वह वहीं जख्मी होकर गिर गया. घायल अपराधी गबरू को तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया. अपराधी द्वारा की गयी फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गये. घटना मंगलवार सुबह करीब 3 बजे की है. इस मामले में पुलिस ने हरपाल सिंह उर्फ गबरू और मनजीत सिंह उर्फ बिशु को गिरफ्तार किया है.मंगलवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि सोमवार शाम टेल्को थाना क्षेत्र में एक महिला से सोने की चेन छीनकर भाग रहे दो अपराधियों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जैप-6 के पास पकड़ लिया गया था. गिरफ्तारी के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस ने हरपाल सिंह उर्फ गबरू और मनजीत सिंह उर्फ बिशु को दबोच लिया था. पूछताछ के दौरान गबरू ने स्वीकार किया था कि छिनतई के जेवर, घटना में प्रयुक्त बाइक और फर्जी नंबर प्लेट को उसने सिदगोड़ा टाउन हॉल के पास स्थित लंबा मैदान क्षेत्र की झाड़ियों में छिपाकर रखा है. इसके बाद मंगलवार तड़के पुलिस टीम उसे साथ लेकर सामान बरामदगी के लिए मौके पर पहुंची. गबरू की निशानदेही पर पुलिस ने एक बाइक, फर्जी नंबर प्लेट, पेचकस और छिनतई का एक जेवर बरामद किया. जैसे ही पुलिसकर्मियों का ध्यान बरामद सामान की ओर गया, इसी दौरान मौका पाकर उसने एक पुलिस पदाधिकारी की कमर से सरकारी पिस्टल झपट ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुए हमले से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गयी, लेकिन सुरक्षा में तैनात टैंगो जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया. आत्मरक्षा और अपराधी को भागने से रोकने के लिए एक जवान ने उसके पैर पर गोली चलायी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा. इसके बाद पुलिस ने पिस्टल बरामद कर उसे कब्जे में ले लिया.
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस फोर्स
घटना की सूचना वायरलेस पर प्रसारित होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सिटी एसपी, एएसपी समेत टेल्को, सीतारामडेरा, गोलमुरी, बर्मामाइंस, बिष्टुपुर, बिरसानागर और कदमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. कुछ ही देर में पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आसपास सर्च अभियान चलाया, हालांकि कोई अतिरिक्त सामान बरामद नहीं हुआ.
हरपाल पर 10 और मनजीत पर छह केस है दर्ज
एसएसपी ने बताया कि दोनों आरोपी शहर में चेन और मोबाइल छिनतई की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं. हरपाल सिंह उर्फ गबरू के खिलाफ विभिन्न थानों में 10 और मनजीत सिंह उर्फ बिशु के खिलाफ छह आपराधिक मामले दर्ज हैं. दोनों के विरुद्ध टेल्को, सिदगोड़ा और गोलमुरी थाना में भी मामले दर्ज हैं. पुलिस को आशंका है कि इनके गिरोह में अन्य अपराधी भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
पुलिस का हथियार छीन कर पूर्व में भी अपराधी कर चुके हैं फायरिंग
जमशेदपुर में पुलिस का हथियार छीनकर फायरिंग करने की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले कैरव गांधी अपहरण कांड में गिरफ्तार अपराधियों को 30 जनवरी को सीन रिक्रिएशन के लिए सर्किट हाउस स्थित साईं मंदिर के पास ले जाया गया था. उस दौरान एक अपराधी ने पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर फायरिंग कर दी थी. घटना में तत्कालीन बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दूबे बाल-बाल बच गये थे. बाद में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों अपराधी घायल हो गये थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.