आज ही निपटा लें बैंक के जरूरी काम! यहां जानें कितने दिन चलेगा हड़ताल...

11 सितंबर को देश के बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे. पांच दिवसीय बैंकिंग कार्यप्रणाली लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर यूएफबीयू ने हड़ताल का आह्वान किया.

जमशेदपुर: अगर बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो उसे आज ही निपटा लें. शुक्रवार, 11 सितंबर को देशभर के बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे. पांच दिवसीय बैंकिंग कार्यप्रणाली लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है. हड़ताल के बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार का साप्ताहिक अवकाश रहेगा. ऐसे में बैंकिंग सेवाएं लगातार 72 घंटे प्रभावित रह सकती हैं. कोल्हान में 400 से अधिक बैंक शाखाओं के बंद रहने की संभावना है.

एसबीआइ से पीएनबी तक बैंक रहेंगे बंद

यूएफबीयू के अनुसार, हड़ताल में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआइ), पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया समेत प्रमुख राष्ट्रीयकृत और वाणिज्यिक बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे. क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों और निजी क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारियों के भी आंदोलन में शामिल होने की बात कही गयी है. इससे नकद निकासी, चेक क्लियरेंस और अन्य बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है.

आठ-नौ सितंबर की वार्ता भी रही बेनतीजा

बैंक यूनियन नेताओं ने बताया कि मांगों को लेकर लंबे समय से विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है. कर्मचारियों ने बांह पर काली पट्टी और बैज लगाकर भी काम किया. इसके बावजूद सकारात्मक पहल नहीं हुई. केंद्र सरकार और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच आठ और नौ सितंबर को हुई द्विपक्षीय वार्ता भी बेनतीजा रही. इसके बाद हड़ताल का फैसला लिया गया.

पांच दिन बैंकिंग की मुख्य मांग

यूएफबीयू की प्रमुख मांग बैंकों में तत्काल प्रभाव से सप्ताह में पांच दिन कामकाज लागू करना है. यूनियन का कहना है कि कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर अब निर्णय होना चाहिए. आंदोलन को सफल बनाने के लिए आठ सितंबर को केंद्रीय प्रतिनिधियों की बैठक में रणनीति भी तय की गयी.

मांग नहीं मानी तो आंदोलन होगा और बड़ा

यूएफबीयू के संयोजक रिंटू कुमार रजक ने कहा कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जायेगा. उन्होंने बताया कि 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है. इसके बाद भी ठोस फैसला नहीं हुआ, तो 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाया जा सकता है. ऐसे में बैंक ग्राहकों को आने वाले दिनों में भी बैंकिंग सेवाओं में व्यवधान का सामना करना पड़ सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjeev bhardwaj

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >