Jamshedpur news. बागबेड़ा : रेलवे क्वार्टर में मृत मिले युवक का शिनाख्त करने पहुंचे परिजन, हत्या का लगाया आरोप

दो अप्रैल को सैफ अली बस्ती की एक लड़की को लेकर भाग गया था, इधर बहन जुगसलाई पुलिस पर भाई के गायब होने का सनहा दर्ज नहीं करने का लगाया आरोप

Jamshedpur news.

बागबेड़ा थानांतर्गत रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी क्वार्टर नंबर टी/105 में मिले शव की शिनाख्त को लेकर मृतक के परिवार के लोग रविवार को बागबेड़ा थाना पहुंचे. परिजनों ने दावा किया है कि शव सैफ अली (25) का है. वह जुगसलाई हबीब नगर का रहने वाला था. रविवार को जानकारी मिलने के बाद सैफ अली की बहन सब्बो और बस्ती के कई लोग पहले क्वार्टर के पास पहुंचे. उसके बाद उन लोगों ने बागबेड़ा थाना पहुंच कर हंगामा किया. बागबेड़ा पुलिस मामले को शांत कराया.

सैफ की बहन सब्बो ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाया है. घटना के संबंध में सैफ अली की बहन सब्बो ने बताया कि दो अप्रैल को सैफ अली बस्ती की एक लड़की को लेकर भाग गया था. 12 अप्रैल को अचानक से वह लड़की बस्ती में वापस आ गयी, लेकिन उसका भाई वापस नहीं आया. काफी खोजबीन के बाद जब सैफ अली के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली, तो परिवार के लोग इसकी शिकायत जुगसलाई थाना में की, लेकिन जुगसलाई पुलिस ने उनका सनहा नहीं लिया. इस कारण से उसके भाई की हत्या कर दी गयी.

भाई की हत्या हुई है : बहन

एक दिन पूर्व घर वालों को जानकारी मिली कि बागबेड़ा के ट्रैफिक कॉलोनी क्वार्टर नंबर टी/105 में एक युवक का शव मिला था. उसके बाद रविवार को वे लोग ट्रैफिक कॉलोनी क्वार्टर नंबर टी/105 के पास पहुंच कर हंगामा करने लगे. बागबेड़ा पुलिस ने परिजनों को घटना स्थल को दिखाया. मृतक की बहन सब्बो ने बताया कि मौके से उसके भाई सैफ का खून लगा हुआ रूमाल बरामद हुआ है. सब्बो ने बताया कि पुलिस का कहना है कि जिस जगह पर सैफ का शव मिला था, उस स्थान पर करंट था. पुलिस ने मौत का कारण करंट लगना बताया था, लेकिन उक्त स्थान पर बिजली का कोई तार नहीं है. बहन ने आरोप लगाया है कि उसके भाई की नियोजित तरीके से हत्या की गयी है.

करंट से हुई मौत, शिनाख्त नहीं होने के कारण चार दिन बाद किया अंतिम संस्कार : बागबेड़ा पुलिस

वहीं बागबेड़ा पुलिस का कहना है कि 24 अप्रैल को ट्रैफिक कॉलोनी क्वार्टर नंबर टी/105 परिसर में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी. जब पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को उठाने का प्रयास किया, तो पुलिस को करंट का झटका लगा. उसके बाद पुलिस ने अगले दिन सुबह शव को मौके से उठा कर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन शव का शिनाख्त नहीं होने पर उसे पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया. इसके बाद शव को चार दिनों तक शिनाख्त के लिए रखा भी गया था, लेकिन शिनाख्त नहीं होने के कारण शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया. रविवार को जुगसलाई का एक परिवार शव का शिनाख्त करने का दावा कर रहे हैं. परिजनों का आरोप है कि युवक की मौत करंट लगने से नहीं, बल्कि हत्या की गयी है. पुलिस ने परिजनों को लिखित शिकायत करने की बात कही है. लिखित शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर अनुसंधान कर कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >