त्योहारों में बढ़ी पनीर की डिमांड, कहीं आप भी तो नहीं खा रहे एनालॉग पनीर.. जमशेदपुर में अलर्ट हुआ स्वास्थ्य विभाग

पर्व-त्योहारों के सीजन में पनीर की मांग बढ़ने के साथ ही एनालॉग पनीर का खतरा मंडराने लगा है. जमशेदपुर में स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है और विशेष जांच टीम का गठन किया है.

जमशेदपुर: पर्व-त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है. घरों में पकवान बनने से लेकर मिठाई दुकानों और होटलों में पनीर की मांग बढ़ने लगी है. इसी बीच देश के कई राज्यों में एनालॉग पनीर के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद जमशेदपुर में भी स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है. बाजार में पनीर और दूसरे दुग्ध उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग ने निगरानी और जांच तेज करने की तैयारी की है. इसके लिए विशेष जांच टीम का गठन किया गया है.

महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और पंजाब समेत कई राज्यों में एनालॉग पनीर के भंडारण और बिक्री को लेकर कार्रवाई हो चुकी है. हालांकि, जमशेदपुर में अब तक एनालॉग पनीर का कोई मामला सामने नहीं आया है. इसके बावजूद त्योहारों के दौरान पनीर की मांग बढ़ने के कारण मिलावट के खतरे को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग बाजारों पर नजर रख रहा है.

क्या होता है एनालॉग पनीर

एनालॉग पनीर असली दूध से तैयार किया गया पनीर नहीं होता है. यह एक कृत्रिम या आर्टिफिशियल डेयरी विकल्प है, जो देखने और स्वाद में असली पनीर जैसा लग सकता है. यही कारण है कि आम ग्राहक के लिए इसे सिर्फ देखकर पहचानना आसान नहीं होता. ऐसे में त्योहारों के दौरान पनीर खरीदते समय थोड़ी सावधानी जरूरी है.

पनीर खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि पनीर और दूसरे पैकेज्ड दुग्ध उत्पाद खरीदते समय पैकेजिंग जरूर जांचें. उत्पाद पर निर्माता का नाम और पता तथा एफएसएसएआइ लाइसेंस की जानकारी देखें. कोशिश करें कि पनीर किसी भरोसेमंद और विश्वसनीय दुकान या प्रतिष्ठान से ही खरीदें. बिना जानकारी वाले या संदिग्ध स्रोत से पनीर लेने से बचें.

खाद्य पदार्थ में कुछ संदिग्ध लगे तो विभाग को दें सूचना

सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल ने कहा कि त्योहारों में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है. इसे देखते हुए जांच के लिए विशेष टीम गठित की गयी है. बाजार में किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना मिलने पर आम लोग तुरंत विभाग को सूचित करें.

फूड सेफ्टी ऑफिसर संजय कुमार ने कहा कि पर्व-त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जा रही है. मिलावट रोकने के लिए शहरभर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandra Shekhar

चंद्रशेखर प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है. 15 सालों से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. स्वास्थ्य सहित अन्य बीटों में अच्छी पकड़ है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >