शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर घाटशिला में 22 पंचायतों में दी गयी श्रद्धांजलि

घाटशिला में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर विधायक सोमेश सोरेन ने उनके संघर्ष और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण को याद किया।

जमशेदपुर: झारखंड आंदोलन के प्रणेता, पूर्व मुख्यमंत्री, झामुमो के संस्थापक एवं पद्मश्री से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि मंगलवार को घाटशिला प्रखंड की सभी 22 पंचायतों में श्रद्धा, सम्मान और भावपूर्ण स्मरण के साथ मनायी गयी. सुबह आठ बजे पंचायत स्तर पर तथा नौ बजे झामुमो कार्यालयों में कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये. इस दौरान उनके संघर्षपूर्ण जीवन, झारखंड आंदोलन और आदिवासी-मूलवासी समाज के उत्थान में उनके योगदान को याद करते हुए उनके बताये मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया.

फूलडुंगरी झामुमो संपर्क कार्यालय में घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन के नेतृत्व में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. साथ ही पूर्व शिक्षा मंत्री स्व. रामदास सोरेन की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित कर नमन किया गया. विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरु का संपूर्ण जीवन जल, जंगल, जमीन, आदिवासी-मूलवासी अस्मिता और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए समर्पित रहा. उन्होंने अपने संघर्ष और नेतृत्व से झारखंड को नयी पहचान दिलायी. उन्होंने कहा कि गुरुजी के विचार, सादगी, संघर्ष और जनसेवा की भावना आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे दिशोम गुरु के आदर्शों को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति के अधिकार की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करें.

घाटशिला में गुरुजी के रथ का हुआ स्वागत

इधर, दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में निकला रथ का काफिला झामुमो संपर्क कार्यालय पहुंचा, जहां प्रखंड कमेटी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रथ पर लगी दिशोम गुरु की तस्वीर पर माल्यार्पण कर नमन किया. इसके बाद कार्यालय परिसर में स्थापित दिशोम गुरु एवं स्व. रामदास सोरेन की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित किये गये. इस अवसर पर विधायक सोमेश सोरेन, जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, केंद्रीय महासचिव मोहन कर्मकार, केंद्रीय सदस्य शेख बदरुद्दीन, राजू गिरि, जिला सचिव रतन महतो, जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति, घाटशिला प्रखंड अध्यक्ष दुर्गाचरण मुर्मू, मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन, झामुमो नेता जगदीश भकत, काजल डॉन, रामदास हांसदा, कालीपद गोराई समेत बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.

22 पंचायतों में हुई श्रद्धांजलि सभा

इससे पूर्व उत्तरी मऊभंडार, धरमबहाल, घाटशिला, काशिदा, गोपालपुर, बांकी, बड़ाजुड़ी, राजस्टेट, एचसीएल कारखाना चौक, सुभाष चौक समेत प्रखंड की सभी 22 पंचायतों में पंचायत अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने दिशोम गुरु की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक चौक-चौराहों को झामुमो के झंडों एवं दिशोम गुरु के बैनरों से सजाया गया था. मौके पर बाबूलाल मुर्मू, सुशीला टुडू, प्रफुल्ल हांसदा, सुजय सिंह, सोनाराम सोरेन, गोपाल कोइरी, आनंद गोयल, सुखलाल हांसदा, सुशील मार्डी, रिंकू सिंह, जय सिंह, अंकुर काउड़ी, विक्रम, सतीश सीट, विकास मजूमदार, कौशिक कुमार, मदन दलाई, सागर पाणि, आजाद बेहरा, सोमेन मिश्रा, सौरव बोस समेत काफी संख्या में झामुमो नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मो. युनूस परवेज

मो. युनूस परवेज वर्ष 1995 से पत्रकारिता कर रहे हैं. उन्होंने घाटशिला महाविद्यालय और रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक और राजनीतिक विज्ञान ऑनर्स की डिग्री हासिल की है. इनकी राजनीति, अपराध, नक्सलवाद, खेल, शिक्षा और खेती किसानी की खबरों में विशेष रुचि है. डिजिटल जर्नलिज्म में 5 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >