उपद्रवियों से निपटने की हुई फुल रिहर्सल, दागे आंसू गैस के गोले और की हवाई फायरिंग

जमशेदपुर के गोलमुरी पुलिस केंद्र में पुलिस ने मॉक ड्रिल कर आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा. आंसू गैस और हवाई फायरिंग का किया गया अभ्यास.

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

शहर में विधि-व्यवस्था को दुरुस्त रखने और किसी भी आपात स्थिति या हुड़दंगियों से निपटने के लिए जमशेदपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है. इसी कड़ी में बुधवार को गोलमुरी पुलिस केंद्र में पुलिसकर्मियों ने मॉक ड्रिल किया. इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य उपद्रव और अशांति की स्थिति में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तालमेल को परखना था. मॉक ड्रिल में सादे लिबास में पुलिसकर्मी ही आंदोलनकारी और उपद्रवी बने. जब उपद्रवियों ने उग्र प्रदर्शन और हंगामा शुरू किया, तो पुलिस बल ने सख्त रुख अपनाया.

भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सबसे पहले बल प्रयोग किया गया. इसके बाद भी जब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में नहीं आयी, तो पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे. अंततः उपद्रव को पूरी तरह शांत करने और भीड़ को खदेड़ने के लिये पुलिस की ओर से हवाई फायरिंग भी की गयी.

इस पूरे अभ्यास और तैयारियों की समीक्षा करने के लिए मौके पर एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी ललित मीना, एएसपी ऋषभ त्रिवेदी समेत कई अन्य वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे. अधिकारियों ने पुलिस बल की मुस्तैदी की सराहना की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Shyam narayan jha

Published by: Bhumi Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >