घाटशिला: घाटशिला कॉलेज में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए सीटों की कमी को लेकर नामांकन संकट गहराता नजर आ रहा है. कॉलेज प्रशासन ने कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलसचिव को पत्र भेजकर विभिन्न विषयों में सीटें बढ़ाने की मांग की है. कॉलेज द्वारा भेजे गये पत्र में बताया गया है कि यह क्षेत्र का प्रमुख महाविद्यालय है, जहां दूर-दराज के ग्रामीण व आदिवासी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं नामांकन के लिए आवेदन करते हैं.
वर्तमान सत्र में निर्धारित सीटों की तुलना में कई गुना अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिससे बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रवेश से वंचित हो सकते हैं. जारी आंकड़ों के अनुसार इतिहास में 180 सीटों पर 541, हिंदी में 180 पर 340, संथाली में 180 पर 329, राजनीति विज्ञान में 180 पर 295, अंग्रेजी में 120 पर 132, भूगोल में 120 पर 179 और मानव विज्ञान में 60 सीटों के मुकाबले 114 आवेदन प्राप्त हुए हैं.
प्राचार्य डॉ आरके चौधरी ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि आसपास करीब 45 किलोमीटर तक कोई अन्य अंगीभूत महाविद्यालय नहीं है, ऐसे में यहां सीटों की कमी से छात्रों की उच्च शिक्षा प्रभावित होगी. उन्होंने विश्वविद्यालय से अनुरोध किया है कि सभी आवेदकों को ध्यान में रखते हुए सीटों की संख्या बढ़ाने की अनुमति दी जाय, ताकि अधिक से अधिक छात्रों का नामांकन सुनिश्चित हो सके.
