जमशेदपुर: टाटानगर में आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के चार मोबाइल फोन मिले हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपी मिलकर योजना बनाकर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल की चोरी करते थे.
पश्चिम बंगाल का रहने वाला है आरोपी
18 अगस्त की सुबह आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी टाटानगर की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में गश्ती और चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर टीम ने चार युवकों को पकड़ा. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश दास उर्फ तिग्गी (38 वर्ष), रोहित लोहार उर्फ छोटू (26 वर्ष), शेख रमजान (19 वर्ष) और शेख मुबारक (26 वर्ष) के रूप में हुई है. प्रकाश दास और रोहित लोहार टाटानगर रेलवे स्टेशन के आसपास के रहने वाले बताये जा रहे हैं, जबकि शेख रमजान और शेख मुबारक पश्चिम बंगाल के पुरुलिया के रहने वाले हैं.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश दास उर्फ तिग्गी गिरोह का सरगना बताया जा रहा है. गिरफ्तार सभी आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है. पूरी कार्रवाई आरपीएफ के एएसआइ बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में की गयी.
