वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
शहर में अपराध बढ़ने का सबसे बड़ा कारण ब्राउन शुगर है और इसका संगठित अवैध कारोबार लगातार फैलता जा रहा है. पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद तस्कर नये-नये इलाकों में नेटवर्क बनाकर नशे का कारोबार चला रहे हैं. सोमवार को सीतारामडेरा और उलीडीह थाना क्षेत्र में हुई अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर कुल 88 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की. इनमें एक महिला, उसके दो बेटे (एक नाबालिग) और एक अन्य युवक शामिल हैं. पुलिस दोनों मामलों में मादक पदार्थ के मुख्य सप्लायर और नेटवर्क की जांच में जुटी है.
केस - 01
सीतारामडेरा में मां और दो बेटों के पास से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद सीतारामडेरा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ह्यूमपाइप स्थित इंद्रानगर में भारती कैबर्तो के घर छापेमारी कर 38 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की. जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन 4.32 ग्राम है, जिसकी कीमत 4820 रुपये है. इस मामले में पुलिस ने भारती कैबर्तो, उसके पुत्र विशाल कैबर्तो तथा एक नाबालिग बेटे को गिरफ्तार किया. सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में सिटी एसपी ललित मीना ने बताया कि सूचना मिली थी कि महिला अपने दोनों बेटों के साथ मिलकर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रही है. सूचना के सत्यापन के बाद एएसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपितों से कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
ब्राउन शूगर की बिक्री में पहले भी जेल जा चुकी है भारती
पुलिस ने बताया कि भारती कैबर्तो का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. वह पूर्व में भी छह बार जेल जा चुकी हैं. वहीं, उसका बेटा विशल कैबर्तो भी दो बार ब्राउन शुगर की बिक्री को लेकर जेल जा चुका है. पुलिस उनके कारोबार के सरगना के बारे में जानकारी प्राप्त करने का प्रयास कर रही है.
केस - 02
उलीडीह में 50 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ युवक पकड़ाया उलीडीह पुलिस ने एनएच-33 स्थित सुवर्णरेखा आवासीय शिविर के पास छापेमारी कर गालूडीह निवासी आशीष विशोई को गिरफ्तार किया. उसके पास से 50 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन 2.48 ग्राम है. उक्त जानकारी डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी. डीएसपी ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ युवक मैदान में मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जिसमें आशीष विशोई गिरफ्तार हुआ. पूछताछ में उसने बताया कि वह ब्राउन शुगर आदित्यपुर से लाकर बेचता था और कभी-कभी सीतारामडेरा से भी इसकी खरीद करता था. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तथा उसके सप्लायर और नेटवर्क की तलाश शुरू कर दी है.
