जेएनएसी के डीएमसी का अल्टीमेटम, समय पर काम पूरा नहीं हुआ तो नपेंगे इंजीनियर
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के अंतर्गत संचालित विभिन्न नागरिक सुविधाओं एवं विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा मंगलवार को उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने की.
उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने की विकास योजनाओं और नागरिक सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा
कागजी खानापूर्ति पर कृष्ण कुमार ने जतायी नाराजगी
वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
जेएनएसी (जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति) के अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं और नागरिक सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा मंगलवार को उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने की. बैठक के दौरान जेएनएसी क्षेत्र में सफाई की वर्तमान स्थिति, सड़कों की मरम्मत, नालियों का निर्माण कार्य, स्ट्रीट लाइट की स्थिति सहित अन्य नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता की बिंदुवार समीक्षा की गयी.
इस दौरान उप नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने मौके पर मौजूद सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी काम निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूरे होने चाहिए, नहीं को संबंधित पदाधिकारी और इंजीनियर नप जायेंगे. इसके साथ ही उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया, ताकि सरकारी संसाधनों का सही उपयोग सुनिश्चित हो सके और आम जनता को इसका दीर्घकालिक लाभ मिले. बैठक में जेएनएसी के सभी विशेष पदाधिकारी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे.
फील्ड में उतरकर काम की गुणवत्ता जांचें कनीय अभियंता
बैठक में विशेष रूप से कनीय अभियंताओं की कार्यशैली पर चर्चा करते हुए डीएमसी कृष्ण कुमार ने उन्हें फील्ड मॉनिटरिंग का टास्क सौंपा. उन्होंने कहा कि अभियंता केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित न रहें. बल्कि क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की निरंतर धरातलीय निगरानी करें. यदि किसी कार्य में कोई तकनीकी बाधा या स्थानीय समस्या आ रही है, तो उसे तत्काल उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लायें. ताकि समय रहते समाधान निकाला जा सके और कार्य में विलंब की स्थिति पैदा न हो.
योजनाओं कीवस्तुस्थिति की रिपोर्ट पेश करने का निर्देश
उप नगर आयुक्त ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ जनता तक तभी पहुंचेगा, जब फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण और समन्वय होगा. उन्होंने कनीय अभियंताओं को निर्माण स्थलों पर खुद मौजूद रहकर बाधाओं को दूर करने की नसीहत दी. बैठक के अंत में सभी को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए वस्तुस्थिति की रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया गया.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.