प्रतिनिधि, झारसुगुड़ा : जिलाधीश कुणाल मोतीराम चव्हाण के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के पोस्ट-ड्राफ्ट गतिविधियों एवं प्रशिक्षण की समीक्षा के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक शनिवार को आयोजित की गई.उपजिलाधीश एवं 7-झारसुगुड़ा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) सब्यसाची पंडा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में 7-झारसुगुड़ा तथा 6-ब्रजराजनगर विधानसभा क्षेत्रों के सभी सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और संबंधित कर्मचारियों ने भाग लिया.
बैठक में मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों के सुधार तथा नोटिस जारी करने के लिए तैयार विशेष एसओपी पर विस्तार से चर्चा की गई. विशेष रूप से जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है या जिनके रिकॉर्ड में तकनीकी त्रुटियां हैं, उनके मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए सुनवाई की तिथि निर्धारित करने के निर्देश सभी एईआरओ को दिए गए. इस प्रक्रिया के लिए न्यूनतम सात दिनों की समय-सीमा तय की गई है.
निर्धारित समय के भीतर सभी मामलों का निपटारा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित ईआरओ एवं एईआरओ को नोटिसों और सुनवाई की संख्या के अनुसार विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया.बैठक में इस संशोधन प्रक्रिया को तीन चरणों में पूरा करने का रोडमैप भी तैयार किया गया. पहले चरण में गैर-मैपिंग वाले मामलों की सुनवाई को प्राथमिकता देते हुए 5 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. दूसरे चरण में 6 से 14 अगस्त के बीच तार्किक (लॉजिकल) त्रुटियों वाले मामलों की सुनवाई की जाएगी. तीसरे और अंतिम चरण में 15 से 21 अगस्त के बीच विभिन्न श्रेणियों की मैपिंग संबंधी त्रुटियों का समाधान किया जाएगा.
