जमशेदपुर: मानगो डिमना रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में जर्जर और खतरनाक स्थिति में खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ों को हटाने की मांग को लेकर झारखंड मानव अधिकार संघ (जेएचआरए) ने मंगलवार को उपायुक्त और प्रमंडलीय वन पदाधिकारी (डीएफओ) को ज्ञापन सौंपा।
संघ के अध्यक्ष मनोज किशोर के नेतृत्व में सौंपे गये ज्ञापन में बताया गया कि ट्रांसपोर्ट नगर की चहारदीवारी के किनारे सिटी बॉयलर से खड़िया बस्ती जाने वाले मार्ग पर कई पेड़ गिरने की स्थिति में हैं। इनमें एक पेड़ मुख्य सड़क और बिजली के तारों की ओर झुक गया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग और स्कूली बच्चे गुजरते हैं। आसपास कई मकान भी हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
संघ ने वन विभाग, मानगो नगर निगम और बिजली विभाग से संयुक्त रूप से स्थल का निरीक्षण कर जर्जर पेड़ों और खतरनाक शाखाओं को तत्काल हटाने की मांग की। उपायुक्त और डीएफओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
मौके पर राजेश तिर्की, बिट्टू सुदी, प्रेम कुमार, रॉबिन सुदी, रिंकु झा समेत स्थानीय लोग मौजूद थे।
