14 जून को टाटानगर स्टेशन चौक पर एक दिवसीय अनशन
Jamshedpur News :
बागबेड़ा बृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना में हो रही लगातार देरी के खिलाफ लोगों ने चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है. रविवार को कीताडीह स्थित यादव क्लब में पूर्व जिला परिषद सदस्य किशोर यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया. बैठक में बताया गया कि 22 मार्च को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने जून के प्रथम सप्ताह तक योजना पूरी कर जलापूर्ति शुरू करने का आश्वासन दिया था. हालांकि 7 जून तक भी क्षेत्र में जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है. इसे लेकर लोगों में नाराजगी है. निर्णय लिया गया कि योजना पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा. प्रथम चरण के तहत 14 जून को टाटानगर स्टेशन चौक पर एक दिवसीय अनशन किया जायेगा.बैठक को संबोधित करते हुए किशोर यादव ने कहा कि विभाग की कथनी और करनी में अंतर है. 11 वर्ष बीत जाने के बाद भी बागबेड़ा बृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना पूरी नहीं हो सकी है. भीषण गर्मी में हजारों लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं, इसलिए अब आंदोलन ही लोगों का सहारा बन गया है. बैठक में नीरज सिंह, श्याम किशोर, सुनील गुप्ता, शिवजी सिंह, भोला यादव, सुरेश निषाद, मुदिता सिंह, डी.एन. सिंह, एस.एल. रावत, सुरेंद्र राय, कमलेश साह, भावनाथ सिंह, गुरमेल सिंह और श्रीराम शर्मा समेत कई लोग उपस्थित थे.
