जमशेदपुर | जुबिली पार्क रोड पर महिला से चेन छीनकर फरार हुए बदमाश आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गए. साकची थाना पुलिस ने गुरुवार को चेन स्नैचिंग मामले का खुलासा कर दिया. दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने उनके पास से छीनी गई सोने की चेन व वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है.
बदमाशों ने स्वीकार कर ली संलिप्तता
घटना 31 जुलाई की रात की है. अपराधियों ने चंदना दास के गले से सोने की चेन झपट ली थी. इसके बाद मौके से फरार हो गए थे. घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच के आधार पर राहुल गोप उर्फ बल्ले (30) व आमिर सरफराज (26) को गिरफ्तार किया. पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.
दोनों के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों के पास से छीनी गई एक सोने की चेन और घटना में इस्तेमाल की गई हरे रंग की मोटरसाइकिल (JH05CV6640) बरामद की गई है. जांच में यह भी सामने आया कि राहुल गोप उर्फ बल्ले का आपराधिक इतिहास लंबा है. उसके खिलाफ सीतारामडेरा, गोलमुरी और एमजीएम थाना में लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट समेत कई मामले पहले से दर्ज हैं. वहीं आमिर सरफराज के खिलाफ भी साकची और सोनारी थाना में आपराधिक मामले दर्ज हैं.
