टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के खाली पदों पर होंगे उपचुनाव, कल तक हो सकती है घोषणा

टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की कमेटी मीटिंग मंगलवार को यूनियन के रिक्त पदों पर उपचुनाव कराने के लिए चुनाव पदाधिकारी और चार सदस्यीय सब-कमेटी के चयन का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किया गया.

रिटायरमेंट के कारण खाली हुए एक उपाध्यक्ष, एक सहायक सचिव और तीन सदस्यों के पद

चार सदस्यीय सब कमेटी गठित, चिदानंद खंडई चुने गये चुनाव पदाधिकारी

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की कमेटी मीटिंग मंगलवार को यूनियन के गोपेश्वर हॉल में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद की अध्यक्षता में हुई. इसमें यूनियन के रिक्त पदों पर उपचुनाव कराने के लिए चुनाव पदाधिकारी और चार सदस्यीय सब कमेटी के चयन का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किया गया. निष्पक्ष चुनाव के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया. चिदानंद खंडई को चुनाव पदाधिकारी बनाया गया है. वहीं, चार सदस्यीय सब कमेटी में गौरव कुमार, टोटन बनर्जी, धनंजय कुमार मिश्रा और दुर्गेश कुमार को शामिल किया गया है. संभावना जतायी जा रही है कि चुनाव पदाधिकारी 9 अप्रैल तक चुनाव कराने की अधिसूचना जारी कर सकते हैं. पहले तीन रिक्त कमेटी मेंबर पदों पर चुनाव होगा. उसके बाद सहायक सचिव और उपाध्यक्ष पर निर्णय लिया जायेगा.

एक्सल के दो और इआरसी में एक कमेटी मेंबर पद पर होगा चुनाव

दिसंबर 2025 में एक्सल डिवीजन से कमेटी मेंबर सैयद मुनव्वर और इसी वर्ष मार्च में कमेटी मेंबर सह उपाध्यक्ष शिव नारायण सिंह रिटायर हुए. इआरसी में दिसंबर 2025 में सहायक सचिव मनोज कुमार शर्मा सेवानिवृत्त हुए. इससे पहले महामंत्री आरके सिंह ने विषय प्रवेश कराते हुए चुनावी प्रक्रिया की रूपरेखा साझा की. बैठक का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा और धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने किया.

ग्रेड रिवीजन मजदूर हित में

कमेटी मीटिंग के दौरान हाल ही में संपन्न हुए वेतन समझौते की विस्तार से समीक्षा की गयी. उपस्थित मेंबरों ने इस ग्रेड रिवीजन को ऐतिहासिक करार देते हुए मजदूर हित में बताया. महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि ग्रेड रिवीजन की विसंगतियों को प्रबंधन के समक्ष रखकर समय पर दूर किया गया. अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि टाटा साहब की प्रतिमा स्थापना से लेकर रक्तदान के रिकॉर्ड तक, सब एकता के कारण संभव हुआ. सलाहकार प्रवीण सिंह ने कहा कि यूनियन नेतृत्व ने काम का उचित दाम लेना बखूबी सिखाया है और भविष्य में इसके और बेहतर परिणाम मिलेंगे.

यूनियन में 85 कमेटी मेंबर और 25 ऑफिस बियरर का पद

टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन में कुल 85 कमेटी मेंबर और 25 ऑफिस बियरर का पद है. इसमें अध्यक्ष, महामंत्री व कोषाध्यक्ष का एकल पद है, जबकि कार्यकारी अध्यक्ष, ज्वाइंट जनरल सेक्रेटरी के दो, वाइस प्रेसिडेंट के आठ और सहायक सचिव के 10 पद हैं. वर्तमान यूनियन का कार्यकाल 27 नवंबर 2024 से 2027 तक है. हालांकि पिछली कमेटी का कार्यकाल 31 दिसंबर 2024 को समाप्त होना था. लेकिन चुनावी प्रक्रिया 26 नवंबर 2024 को ही संपन्न करा ली गयी थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHOK JHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >