प्रमुख संवाददाता, जमशेदपुर
भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी और पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार ने भारत निर्वाचन आयोग के SIR अभियान के तहत शुक्रवार को अलग-अलग मतदान केंद्रों का दौरा किया और अभियान की प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने पंजाब कन्या उच्च विद्यालय, रिफ्यूजी कॉलोनी, सीपी समिति मध्य विद्यालय, केबुल बस्ती और आरडी टाटा तकनीकी संस्थान के कई बूथों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने बीएलए-2 और बूथ कार्यकर्ताओं से अभियान की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए.
शुद्ध मतदाता सूची पर दिया जोर
दिनेश कुमार ने कहा कि शुद्ध और बिना गलती की मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर ज्यादा से ज्यादा पात्र मतदाताओं को इस अभियान से जोड़ने की अपील की है. उन्होंने बताया कि 18 और 20 जुलाई को निर्वाचन आयोग विशेष अभियान दिवस आयोजित करेगा.
समय पर आवेदन करने की अपील
उन्होंने नागरिकों से कहा कि वे जरूरी दस्तावेजों के साथ समय पर आवेदन जमा करें और अंतिम तारीख का इंतजार न करें. उन्होंने यह भी बताया कि 22 जुलाई को हर बूथ पर पार्टी के बीएलए-2 के साथ समीक्षा बैठक होगी. इस बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और बाकी बचे काम को जल्द पूरा करने की रणनीति बनाई जाएगी.
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रेम झा, सतीश शर्मा, बी. श्रीनिवास राव, सुनीता रानी, लक्ष्मण बेहरा और राकेश साहू मौजूद रहे.
