झारखंड की सियासत में गूंजा हरियाणा में मरे मजदूरों का मामला, शव लाने और मुआवजे की उठी मांग

Bhiwadi Construction Site Accident: हरियाणा के भिवाड़ी में हुए दर्दनाक हादसे में ईचागढ़ और पोटका के 6 मजदूरों की मौत मामले की राजनीति झारखंड की राजनीति में गूंजने लगी है. विधायक सविता महतो और संजीव सरदार ने विधानसभा में श्रम मंत्री से मिलकर शवों को वापस लाने और मुआवजे की मांग की है. पढ़ें फिलहाल गांव का माहौल कैसा है?

Bhiwadi Construction Site Accident, जमशेदपुर (संजीव भारद्वाज): हरियाणा के भिवाड़ी में निर्माणाधीन साइट पर मिट्टी धंसने से झारखंड के मजदूरों की मौत का मामला अब राज्य की राजनीति में भी गूंजने लगा है. घटना की गंभीरता को देखते हुए झारखंड विधानसभा के चालू सत्र के दौरान सविता महतो और संजीव सरदार ने श्रम मंत्री संजय यादव से मुलाकात की. दोनों विधायकों ने मंत्री से हादसे में मारे गये मजदूरों के शवों को उनके गृह क्षेत्र ईचागढ़ और पोटका लाने की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की, ताकि परिजन अंतिम संस्कार कर सकें.

कंपनी से उचित मुआवजा दिलाने की मांग

ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने श्रम मंत्री से हादसे के लिए जिम्मेदार निर्माण कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल और संबंधित एजेंसियों से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को भी आगे बढ़कर शोकाकुल परिवारों के लिए विशेष आर्थिक सहायता और सरकारी लाभ सुनिश्चित करना चाहिए. विधायकों ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले अधिकांश मजदूर बेहद गरीब परिवारों से थे और अपने घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे.

मंत्री ने दिया हर संभव मदद का भरोसा

विधायक सविता महतो के आप्त सचिव राजीव कुमार महतो ने जानकारी दी कि श्रम मंत्री संजय यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया है. मंत्री ने कहा है कि सरकार की प्राथमिकता सबसे पहले मृतकों के शवों को सम्मानजनक तरीके से रांची लाने की है. इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें उनके पैतृक गांव बनगोड़ा, बुरुहातू और हुंडी पहुंचाया जायेगा. साथ ही मुआवजे की प्रक्रिया भी जल्द पूरी कराने का आश्वासन दिया गया है.

Also Read: नहीं रही गुमला के सिख समाज की ‘पहली महिला’, 1947 के विभाजन की यादों को समेटकर ली विदाई

गांवों में पसरा मातम

हादसे के बाद से ही ईचागढ़ और पोटका के संबंधित गांवों में मातम पसरा हुआ है. पीड़ित परिवारों के सदस्य फिलहाल रांची में विधायक सविता महतो के संपर्क में हैं और प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनाये हुए हैं. पोटका के विधायक संजीव सरदार ने कहा है कि दुख की इस घड़ी में वे परिजनों के साथ खड़े हैं. वे यह सुनिश्चित करेंगे कि पीड़ित परिवारों को न्याय और उचित सहायता मिले.

हादसे में इन मजदूरों की हुई मौत

पोटका (जादूगोड़ा) के निवासी

धनंजय महतो (55)
भागीरथ गोप (52)
संजीत गोप उर्फ दुलाल (32)
मंगल महतो (30)

ईचागढ़ के निवासी

शिवशंकर सिंह मुंडा (30)
परमेश्वर महतो (50)

Also Read: ईरान-इजरायल युद्ध की आंच धनबाद में भी: LPG के लिए मची भगदड़, रेस्टोरेंट्स ने मेनू से हटाये ये डिश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >