बहरागोड़ा में 40 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत, झोलाछाप चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप

बहरागोड़ा में झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज से बैंक कर्मी के बेटे की मौत हो गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है, आरोपी डॉक्टर क्लीनिक बंद कर फरार है।

बहरागोड़ा: बहरागोड़ा के मौदा निवासी सेवानिवृत्त बैंककर्मी चतुर्भुज सीट के बड़े पुत्र उत्तम कुमार सीट (40) की शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गयी. परिजनों ने जानकीदेईपुर (रातीला) निवासी झोलाछाप चिकित्सक अमरेंद्र पात्र पर इलाज में लापरवाही और दवा की अधिक डोज देने का आरोप लगाया है.

मृतक की पत्नी इप्सिता सीट ने बताया कि पति को चार दिनों से लूज मोशन की शिकायत थी. तबीयत में सुधार नहीं होने पर गुरुवार रात अमरेंद्र पात्र को घर बुलाया गया. उसने इंजेक्शन व दवा दी, जिसके बाद कुछ देर के लिए तबीयत में सुधार हुआ. शुक्रवार सुबह फिर उसकी तबीयत बिगड़ गयी और सांस लेने में परेशानी होने लगी.

मृतक के पिता ने चिकित्सक से कहा कि वह अपने बेटे को इलाज के लिए बारीपदा ले जायेंगे. आरोप है कि चिकित्सक ने उत्तम के ठीक हो जाने की बात कहते हुए तीन इंजेक्शन दिए. इसके कुछ देर बाद उत्तम ने पेट में जलन होने की बात कही. धीरे-धीरे उसकी सांस लेना बंद हो गया.

दोबारा दवा देने के बाद बिगड़ी हालत:

परिजनों के अनुसार, चिकित्सक ने दोबारा शुक्रवार की सुबह डेक्सोना, डेरिफिलिन और पैन आईवी दी. इसके बाद उत्तम की हालत गंभीर हो गयी और घर में ही उसकी मौत हो गयी. परिजन आनन-फानन में उसे बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया..घटना की सूचना मिलते ही सीएचसी में लोगों की भीड़ जुट गयी.

क्लीनिक बंद कर फरार होने का आरोप

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने झोलाछाप चिकित्सक के खिलाफ नाराजगी जतायी. परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद अमरेंद्र पात्र चौरंगी स्थित अपना क्लीनिक बंद कर फरार हो गया. उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ बताया गया.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. परिजनों ने पुलिस के समक्ष चिकित्सक की लापरवाही से मौत होने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला भेज दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. चिकित्सक अमरेंद्र पात्र से संपर्क कर पक्ष लेने का प्रयास किया गया. पर संपर्क नहीं हो पाया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >