मुश्किलों को हराकर जमशेदपुर की रेशम ने रची नई कहानी, अब लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में करेंगी पढ़ाई

वर्ष 2014 में एसिड अटैक का शिकार होने के बाद भी, जमशेदपुर की रेशम फातमा ने शिक्षा की ताकत से मुश्किलों को मात दी है. उन्हें प्रतिष्ठित चेवनिंग स्कॉलरशिप मिली है, जिससे वे लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस में उच्च शिक्षा प्राप्त करेंगी.

एसिड अटैक जैसी दर्दनाक घटना किसी की जिंदगी को रोक सकती है, लेकिन जमशेदपुर की रेशम फातमा ने अपने हौसले, जज्बे और शिक्षा की ताकत से मुश्किल हालात को मात दी. वर्ष 2014 में एसिड अटैक का शिकार होने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रहीं.

आज उनकी मेहनत और संघर्ष का नतीजा है कि उनका चयन ब्रिटिश सरकार की प्रतिष्ठित चेवनिंग स्कॉलरशिप के लिए हुआ है. इसके तहत वे लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस में उच्च शिक्षा हासिल करेंगी.

रेशम ने बताया कि एसिड अटैक के बाद उनकी जिंदगी आसान नहीं रही. इस घटना का असर लंबे समय तक रहा, लेकिन उन्होंने खुद को कमजोर नहीं होने दिया. उनके सामने दो रास्ते थे. पहला, डर के कारण खुद को एक कमरे तक सीमित कर लेना. दूसरा, चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी पहचान बनाना और दूसरों के लिए प्रेरणा बनना. उन्होंने दूसरा रास्ता चुना.

शिक्षा को बनाया सबसे बड़ा हथियार

रेशम ने शिक्षा को अपनी ताकत बनाया और आगे बढ़ती रहीं. वह एक फाउंडेशन भी चलाती हैं, जिसके माध्यम से लड़कियों को शिक्षा के लिए प्रेरित करने का काम कर रही हैं.

चेवनिंग स्कॉलरशिप के तहत रेशम को लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस में जेंडर, डेवलपमेंट एंड ग्लोबलाइजेशन विषय में मास्टर्स करने का मौका मिलेगा. इस स्कॉलरशिप के तहत उनकी पढ़ाई के साथ रहने, खाने और अन्य जरूरी सुविधाओं का खर्च भी उठाया जाएगा.

रेशम ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन किया था. चयन प्रक्रिया के कई चरणों और इंटरव्यू के बाद उनका चयन हुआ.

नेशनल ब्रेवरी अवॉर्ड से हो चुकी हैं सम्मानित

रेशम वर्ष 2014 में एसिड अटैक का शिकार हुई थीं. इसके बाद भी उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और सफलता हासिल की. वर्ष 2015 में तत्कालीन प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने उन्हें नेशनल ब्रेवरी अवॉर्ड से सम्मानित किया था.

उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से स्नातक और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की है. अब चेवनिंग स्कॉलरशिप के जरिए वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी शिक्षा की नई यात्रा शुरू करेंगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By भूमि शर्मा

भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >