आदित्यपुर शर्मा बस्ती में वारदात: शौच कर रहे युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर के आदित्यपुर में शौच कर रहे युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला हुआ। पुलिस ने आरोपी पिंटू प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है, घायल का इलाज जारी है।

जमशेदपुर. सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शर्मा बस्ती में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां शौच करने गए एक 23 वर्षीय युवक पर एक सनकी अपराधी ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. घटना सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है. घायल युवक की पहचान शर्मा बस्ती निवासी निखिल कुमार (23) के रूप में हुई है. वारदात के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल निखिल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गम्हरिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, निखिल कुमार सोमवार सुबह शर्मा बस्ती के समीप शौच कर रहा था. इसी दौरान पिंटू प्रधान उर्फ पिंटू माकड़ नामक युवक अचानक वहां आ धमका. उसने किसी पुरानी बात को लेकर विवाद शुरू किया और अचानक अपने पास रखे धारदार हथियार से निखिल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इधर, घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी पिंटू प्रधान उर्फ पिंटू माकड़ को धर-दबोचा और उसे हिरासत में ले लिया. थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस उससे सघन पूछताछ कर रही है और हमले के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस का कहना है कि घायल के बयान और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे व्यक्तिगत रंजिश या आपसी विवाद की बात सामने आ रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjeev bhardwaj

Published by: Priya Gupta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >