जमशेदपुर : एमजीएम और सदर अस्पताल समेत राज्य के सभी हॉस्पिटल व स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जायेगा. झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा मिलने के बाद प्रभात खबर से विशेष बातचीत में कैबिनेट मंत्री बन्ना गुप्ता ने यह बात कही. 31 जनवरी को कार्यभार संभालने के बाद इस दिशा में वे जरूरी कदम उठाएंगे.
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा मिले, यह सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी. इसके लिए वे 31 जनवरी के बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे. उनकी कोशिश होगी आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज को भटकना नहीं पड़े. इसके लिए जरूरी चीजों को कम से कम समय में उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों के साथ होने वाली पहली बैठक में चर्चा करेंगे.
अस्पतालों में प्रदत सुविधाओं को बेहतर बनाने और छोटी-छोटी त्रुटियों को दूर किया जायेगा. आयुष्मान कार्डधारियों को इलाज के लिए अस्पताल व सरकारी कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. जरूरत पड़ी, तो इसके लिए मुख्यमंत्री, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और प्रधानमंत्री से बात भी करेंगे.
