जमशेदपुर : 31 की रात वैसे होटल जिन्होंने बार का लाइसेंस नहीं लिया है, उन होटलों में शराब परोसने की जांच के लिए टीम गठित की जा रही है. 31 दिसंबर की रात कुछ होटल व क्लबों द्वारा लेट क्लोजिंग के लिए आवेदन दिया गया है. एसडीअो कार्यालय से अनुमति मिलने के बाद उसे उपायुक्त के पास उत्पाद विभाग भेजेगा.
31 दिसंबर की रात पार्टी के लिए शुल्क जमा कर वन डे लाइसेंस की अनुमति भी दी गयी है, उस पर भी उपायुक्त की मंजूरी के बाद निर्णय लिया जायेगा. पिकनिक स्थल, होटल-क्लब में दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त : एसडीअो चंदन कुमार ने एक जनवरी को पिकनिक स्थलों पर लोगों की भीड़ को देखते हुए विधि व्यवस्था के लिए दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है.
जुबिली पार्क के मुख्य गेट एवं पार्क के अंदर, हुडको पार्क, थीम पार्क, दोमुहानी, सुवर्णरेखा साकची घाट, सिदगोड़ा सूर्य मंदिर पार्क, जादूगोड़ा रंकिणी मंदिर, राजदोहा पुल, भाटिया पार्क कदमा में प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारियों को पुलिस से समन्वय बनाकर विधि-व्यवस्था बनाने को कहा गया है. इसके अलावा 31 दिसंबर की रात होटल, क्लब में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
