जमशेदपुर : पर्व त्योहार समाप्त होने के बाद बिजली विभाग की ओर से बकायेदारों पर शिकंजा कसने की कार्रवाई तेज कर दी गयी है. जुर्माना वसूली और विद्युत विच्छेदन को लेकर विभाग की ओर से सभी सब स्टेशनों में अलग-अलग छापेमारी दल का गठन किया गया है, जो कि बकायेदारों की सूची बना कर छापेमारी करेंगे.
विभाग के अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को बिरसानगर और छोटा गोविंदपुर सब स्टेशनों के अंतर्गत आने वाले कई बिजली बिल बकायेदारों के घर पर छापेमारी की गयी. पिछले दो दिनों में 40 बकायेदाराें के घर का विद्युत विच्छेदन किया गया है. वहीं करनडीह सब स्टेशन की ओर से भी कई बकायेदारों के खिलाफ अभियान चला कर कई उपभोक्ताओं के घर से विद्युत विच्छेदन किया गया है.
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिन किसी भी बिजली उपभोक्ताओं की बिजली का बिल छह हजार रुपये से ज्यादा का बकाया है, उसके घरों की बिजली कनेक्शन काट दिया जायेगा. बिजली विभाग ने सभी बकायेदारों को अपना अपना बिजली का बिल का भुगतान जल्द से जल्द करने को भी कहा है. ऐसा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर केस भी किया जा सकता है.
आज बंद रहेगी पारडीह और काली मंदिर फीडर से बिजली आपूर्ति
काली मंदिर और पारडीह सब स्टेशन से गुरुवार की सुबह 9 से शाम 6 बजे तक बिजली की सप्लाई बंद रहेगी. इस दौरान पारडीह फीडर के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 19 में चार्जिंग और कनेक्शन जोड़ने का काम होगा.
काली मंदिर सब स्टेशन के चेपापुल फीडर के गुलाब बाग फेज -1 में एलटी केबलिंग का भी काम किया जायेगा. इस कारण दोनों फीडर से जुड़े इलाकों में दिन भर बिजली गुल रहेगी. यह जानकारी मानगो के विद्युत कार्यपालक अभियंता विशाल कुमार ने दी.
