एनएमएल की तकनीक : बैट्री में मौजूद कोबाल्ट, लिथियम, निकेल समेत अन्य तत्वों को निकाल कर सकते हैं दोबारा इस्तेमाल
जमशेदपुर :मोबाइल व लैपटॉप को कुछ वर्षों तक इस्तेमाल करने के बाद उसकी बैट्री खराब हो जाती है, लेकिन उस खराब बैट्री में कई ऐसे दुर्लभ धातु हैं, जो आपको पैसे कमाने का मौका दे सकती है. दरअसल, एनएमएल ने एक ऐसे तकनीक का ईजाद किया है, जिसके जरिये मोबाइल की बैट्री में मौजूद कोबाल्ट, लिथियम, निकेल समेत कई अन्य तत्वों को निकाल कर उसे दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है.
इस तकनीक को डेवलप करने के साथ ही एनएमएल की अोर से इसे कई कंपनियों को दिया भी जा रहा है, ताकि देश में इ-वेस्ट मैनेजमेंट की दिशा में सकारात्मक पहल की जा सके. शुक्रवार को एनएमएल ने अहमदाबाद की सबकॉन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को उक्त तकनीक सौंपी. शुक्रवार को एनएमएल में आयोजित एक कार्यक्रम में देश को इ-वेस्ट में मजबूत बनाने को लेकर भी कई बातें बतायी गयीं.
