जमशेदपुर : भुइयांडीह बस स्टैं ड रोड पर गुरुवार शाम 5.15 बजे युवकों ने ट्रेलर (एनएल01जी-2485) से लोहे का चेन निकालने का प्रयास किया. विरोध करने पर युवकों ने ट्रेलर चालक पर हमला कर दिया अौर मारपीट कर दो-तीन हजार रुपये छीन कर फरार हो गये. डिमना रोड निवासी ट्रेलर चालक राहुल ने बताया कि गुरुवार शाम वह माल लोड कर ब्लू स्कोप से आदित्यपुर जा रहा था.
श्मशान घाट से बस स्टैंड की अोर आगे बढ़ते ही दो युवक ट्रेलर पर सवार हुए अौर लोहे का चेन खोल कर ले जाने लगे. शीशे से उसने युवकों को चेन खोल कर ले जाते देख लिया और ट्रेलर को रोड पर ही खड़ा कर युवकों के पीछे भागा. इस बीच दोनों युवकों के तीन-चार अन्य साथी भी आ गये अौर उससे मारपीट करने लगे.
युवकों ने उसका मोबाइल तोड़ दिया तथा दो-तीन हजार रुपये छीन कर फरार हो गये. बीच रोड में ट्रेलर खड़ा होने से जाम लग गया. सीतारामडेरा पुलिस ने छानबीन की अौर चालक से घटना की जानकारी ली. घटनास्थल के नजदीक एक गैरेज में लगे सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने देखा. इसमें ट्रेलर पर चढ़ कर चेन निकाल रहे दो युवकों की तस्वीर कैद है.
