पोटका की सानग्राम पंचायत में 19 लाख रुपये का घोटाला
पोटका : पोटका प्रखंड की सानग्राम पंचायत में 14वें वित्त आयोग की राशि से 19 लाख रुपये का घोटाला किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. इस मामले में पोटका के प्रखंड विकास पदाधिकारी कपिल कुमार की शिकायत पर पोटका थाना में मुखिया रुक्मिणी मुर्मू एवं पंचायत सचिव मनसाराम सिंह पर मामला दर्ज किया […]
पोटका : पोटका प्रखंड की सानग्राम पंचायत में 14वें वित्त आयोग की राशि से 19 लाख रुपये का घोटाला किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. इस मामले में पोटका के प्रखंड विकास पदाधिकारी कपिल कुमार की शिकायत पर पोटका थाना में मुखिया रुक्मिणी मुर्मू एवं पंचायत सचिव मनसाराम सिंह पर मामला दर्ज किया गया है.
पोटका में मुखिया पर मामला दर्ज किये जाने का यह छठा मामला है, इससे पूर्व स्वच्छ भारत मिशन (ग्रा) के तहत पांच मुखियों पर मामला दर्ज किया जा चुका है. विदित हो कि आप के पूर्वी सिंहभूम जिला संयोजक सह आरटीआइ कार्यकर्ता दिनेश महतो ने सानग्राम पंचायत में 14वें वित्त आयोग की राशि में गड़बड़ी की शिकायत लोकायुक्त से की थी, जिसके आलोक में जांच हुई.
इसमें पंचायत मंडप सौंदर्यीकरण एवं उपस्करों की खरीद में 19,00,206 रुपये का घोटाला सामने आने पर बीडीओ कपिल कुमार ने मामला दर्ज कराया. दर्ज मामले में कहा गया है कि सानग्राम पंचायत मंडप के सौंदर्यीकरण एवं उपस्कर खरीद के लिए कुल 19,00,206 रुपये चार चेकों के माध्यम से निकाले गये हैं, लेकिन लगातार मांगे जाने के बाद भी मुखियाएवं पंचायत सचिव उसके खर्च से संबंधित अभिलेख मुहैया नहीं करा पाये.
इससे मुखिया रुक्मिणी मुर्मू एवं पंचायत सचिव मनसाराम सिंह द्वारा उक्त राशि का गबन किये जाने का मामला प्रतीत होता है. इस मामले में पोटका थाना में दोनों पर भादवि की धारा 406, 409, 420, 34 के तहत मामला दर्ज कराया गया है.
पूर्व में हो चुका है पांच एफआइआर, और भी जांच जारी
पोटका में मुखियों के कारनामे की पोल परत दर परत खुलती जा रही है. यहां पूर्व में पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज हो चुकने के बाद भी स्थिति नहीं सुधरी और यह छठा मामला सामने आ गया. इतना ही नहीं, पोटका में मुखिया की शिकायत के मामले में आगे भी जांच चल रही है. इसमें क्या परिणाम आयेगा, यह तो समय ही बतायेगा.
लोकायुक्त के निर्देश पर हुई कार्रवाई
शिकायतकर्ता दिनेश महतो ने बताया कि पोटका में मुखियों पर अबतक की गयी कार्रवाई लोकायुक्त के निर्देश पर हुई है. इस मामले में आप के पूर्वी सिंहभूम जिला संयोजक सह आरटीआइ कार्यकर्ता दिनेश महतो ने लोकायुक्त से शिकायत की थी.