जमशेदपुर : एमजीएम की बर्न यूनिट में मरीज भगवान भरोसे इलाज करा रहे. यहां भर्ती मरीजों का ऑपरेशन आवश्यक होने के बावजूद एक माह से नहीं हो पा रहा. फिलहाल ऑपरेशन की जगह मरीजों को मरहम-पट्टी बांध कर काम चलाया जा रहा.
बर्न यूनिट में ऑपरेशन के लिए एनेस्थीसिया का सामान तक नहीं है. बर्न केस में मरीज को इलाज में विलंब होने पर संक्रमण का खतरा बना रहता है, जो कभी-कभी जान तक ले लेता है.इसके बावजूद डॉक्टर सामान्य प्रक्रिया अपनाने को विवश है. बर्न यूनिट के एचओडी डॉ ललित मिंज के अनुसार ऑपरेशन के लिए कुछ मशीन आयी है लेकिन संसाधन पूरे नहीं होने के कारण ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं.
पहले मरीजों को सर्जरी की ओटी में ले जाकर ऑपरेशन किया जाता था. वर्तमान में सर्जरी विभाग बर्न यूनिट तक आने वाली सड़क इतनी खराब है कि इससे होकर मरीज को ले जाना तक मुश्किल है.वार्ड में घुस जाता है नाली का पानी : एमजीएम अस्पताल परिसर में बर्न यूनिट जाने वाले रास्ते पर नाली का पानी बह रहा है. इससे होकर चलना मुश्किल है. नाली का पानी वार्ड के अंदर भी आ जाता है.
इससे मरीजों में इंफेक्शन होने का भय बना हुआ है. अस्पताल में भवन से सड़क तक का काम भवन निर्माण विभाग करता है. अनुमान के अनुसार सड़क बनाने में दो लाख तक खर्च आयेगी, लेकिन इस दिशा में अब तक पहल भी नहीं की गयी है.
