सरकारी सील तोड़कर रवीना कार्यालय में घुसी, गिरफ्तार

जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित एसडीओ कार्यालय के ठीक बगल में खोला गया महिला हेल्पलाइन कार्यालय में लगा सरकारी सील युक्त ताला तोड़कर मंगलवार को रवीना खान अंदर घुस गयी. बाद में उसे एसडीओ कार्यालय ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की गयी. फिलहाल महिला से पूछताछ की जा […]

जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित एसडीओ कार्यालय के ठीक बगल में खोला गया महिला हेल्पलाइन कार्यालय में लगा सरकारी सील युक्त ताला तोड़कर मंगलवार को रवीना खान अंदर घुस गयी. बाद में उसे एसडीओ कार्यालय ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की गयी. फिलहाल महिला से पूछताछ की जा रही है.

गौरतलब है कि महिला आयोग ने महिला हेल्प लाइन कार्यालय सोमवार को बंद करा दिया था. इसके बावजूद रवीना खान शाम करीब साढ़े पांच बजे कार्यालय में घुस गयी. सूचना पाकर एसडीओ प्रेम रंजन ने महिला मजिस्ट्रेट पारुल सिंह और अन्य को वहां भेजा. डीएसपी जेसिंटा केरकेट्टा और महिला पुलिस पहुंची. मजिस्ट्रेट ने गैर कानूनी तरीके से अंदर घुसने का कारण पूछा. उसने बताया कि वह डीसी व एसडीओ के आदेश पर अंदर घुसी है. इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ एसडीओ कार्यालय ले गयी. एसडीओ प्रेमरंजन ने उनसे पूछताछ की और डीएसपी जेसिंटा केरकेट्टा, बिष्टुपुर थाना प्रभारी जीतेंद्र कुमार को तत्काल एफआइआर दर्ज कर उसे जेल भेजने का निर्देश दिया. बिष्टुपुर पुलिस ने इस मामले में पुलिस के सहायक अवर निरीक्षक बंधु उरांव के बयान पर एफआइआर दायर कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी. बुधवार को रवीना खान को जेल भेजा जायेगा. पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है.

क्या है पूरा मामला

एसडीओ कार्यालय के बगल में स्थित सरकारी भवन में महिला हेल्पलाइन संचालित थी. महिला आयोग की अध्यक्ष महुआ माजी ने सोमवार को छापामारी कर कार्यालय सील कराया.

जेल जायेगी रवीना : एसडीओ. इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से एफआइआर दर्ज करने के लिए बिष्टुपुर पुलिस को कहा जा चुका है. सरकारी सील को तोड़कर सरकारी भवन में प्रवेश करना गंभीर अपराध है. इसे किसी भी हाल में बरदाश्त नहीं किया जायेगा. निश्चित तौर पर रवीना खान को जेल भेजा जायेगा. जहां तक आदेश की बात है तो न तो डीसी और न ही मैंने किसी तरह का आदेश उसको कार्यालय संचालित करने के लिए दिया था. आवेदन के बारे में भी हमें अब तक जानकारी नहीं है.

महिला आयोग अनैतिक काम कर रहा है : रवीना

महिला आयोग अनैतिक तौर पर काम कर रहा है. वह गलत आरोप लगाकर उन लोगों को हटाने का प्रयास कर रही है. मैं कार्यालय में जिला प्रशासन की सहमति से घुसी थी. हमे फंसाने का प्रयास किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >