जमशेदपुर: एनटीटीएफ के गोलमुरी स्थित आरडी टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिये जाने को लेकर मंगलवार को भी विद्यार्थी व अभिभावक परेशान रहे.
इसे देखते हुए बुधवार की शाम 5.00 बजे अभिभावकों की एक बैठक बुलायी गयी है, जिसमें संस्थान के प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल केवी नायर समेत अन्य पदाधिकारी व वरीय शिक्षक उपस्थित रहेंगे. सेंटर के प्रशासनिक पदाधिकारी वरुण कुमार ने बताया कि टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से भी मार्गदर्शन मिला है. इसके बाद बैठक करने पर विचार किया गया. बैठक में अभिभावकों के साथ विचार-विमर्श करने के साथ ही संस्थान के नियम व प्रावधानों की जानकारी दी जायेगी. उनकी तरफ से पूरी तरह आश्वस्त होने के बाद संस्थान को पुन: खोलने की घोषणा संभव है.
आज डीसी से मिलेगा
इससे पूर्व बुधवार को आरडी टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर के प्राचार्य व पदाधिकारी उपायुक्त से मिलेंगे. वरुण कुमार ने बताया कि उपायुक्त से मिल कर उन्हें वस्तुस्थिति की जानकारी देते हुए सुरक्षा की मांग की जायेगी.
एनएसयूआइ ने किया विरोध
सेंटर परिसर में पिछले बुधवार को भाजपा द्वारा धरना व प्राचार्य कक्ष में हंगामा किये जाने का एनएसयूआइ ने विरोध किया है. संगठन के शिबू ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान के नियम व प्रावधानों में हस्तक्षेप किया जाना सही नहीं है.
