जमशेदपुर : झारखंड पुलिस के प्रशिक्षण व आधुनिकीकरण अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अनिल पालटा गुरुवार को शहर पहुंचे और बर्मामाइंस स्थित ट्रैफिक ट्रेनिंग स्कूल का निरीक्षण किया. इस दौरान एडीजी ने टीटीएस के अधिकारियों के पेट निकलने पर फटकार लगायी. एडीजी ने कहा कि अधिकारियों का पेट निकला रहेगा, तो वह जवानों को कैसे गाइड करेंगे.
उन्होंने पदाधिकारियों को स्थिति में सुधार लाने का निर्देश दिया और टीटीएस के बैरेक, मेस, कैंटीन, क्लास रुम, परिसर की साफ सफाई, शौचालय, ऑफिस तथा प्रशिक्षण मैदान का निरीक्षण किया. बातचीत के दौरान एडीजी टीटीएस की व्यवस्था से संतुष्ट दिखे. उन्होंने कहा कि कैंटीन, कॉमन रूम और डाइनिंग रुम को अाधुनिक बनाया जायेगा.
उन्होंने कहा कि टीटीएस में आधुनिक कोर्स में साइबर अपराध और कंप्यूटर ट्रेनिंग को शामिल किया गया है. जवानों को परिपूर्ण करने के लिए इस तरह की ट्रेनिंग दी जायेगी. ट्रेनिंग के लिए सेवानिवृत्त डीआइजी स्तर के अधिकारी व इंस्पेक्टरों को सहयोग लिया जा रहा है. एडीजी टीटीएस में काफी देर तक रुके.
