जमशेदपुर : हाइकोर्ट के निर्देश पर जिला पुलिस की टीम ने वारंटियों के सत्यापन का काम तेज कर दिया है. थाना से फरार अपराधियों और वारंटियों की तैयार लिस्ट का कोर्ट से छानबीन करने के बाद सत्यापन करने के लिए पुलिस टीम शहर से बाहर है. अधिकांश थानों से तीन से चार पुलिस पदाधिकारी फरार अपराधियों के सत्यापन के लिए कोलकाता समेत बंगाल के कई जिले, ओड़िशा, बिहार तथा छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गयी है.
इसके अलावा शहर की पुलिस दूसरे थाना क्षेत्रों में फरारी व वारंटियों की सत्यापन में जुटी हुई है. इस संबंध में जानकारी देते हुए कोल्हान डीआइजी कुलदीप द्विवेदी ने बताया कि 10 नवंबर तक वारंटियों व फरार आरोपियों पर शिकंजा कसना है. वारंटियों व फरार अपराधियों की पुलिस द्वारा की जा रही खोजबीन से खलबली मची हुई है. पुलिस की खोजबीन तेज होने की वजह से कईयों ने शहर छोड़ दिया है. पुलिस उनकी तलाश कर रही है. पुलिस दबिश के कारण ही शहर में होने वाली वारदात में कमी आयी है.
तीन थाने में जाकर वारंटियों की जानकारी ली. डीआइजी कुलदीप द्विवेदी और एसएसपी अनूप बिरथरे शहर में वारंटियों व फरार अपराधियों पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी लेने शहर के तीन थानों में गये. साकची, बिष्टुपुर और गोलमुरी थाना में दोनों अधिकारी पहुंचे और वहां वारंटियों व फरार अपराधियों पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिया.
