जमशेदपुर : कदमा जुस्को स्कूल के पास मार्केट एरिया के दुकानदार संतोष कुमार से छह हजार रुपये रंगदारी मांगने के आरोपी शास्त्रीनगर पुआल टाल निवासी आकाश सिंह उर्फ छोटू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मरीन ड्राइव पर छापेमारी की. पुलिस को देखकर छोटू बुलेट से भागने लगा. कदमा थानेदार जितेंद्र ठाकुर ने छोटू पर एक राउंड फायरिंग की, लेकिन वह भाग निकला.
पुलिस छोटू की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी की. वहीं पुलिस दबिश के कारण छोटू मंगलवार की शाम को कोर्ट में सरेंडर कर दिया. बीती रात घटना को अंजाम देने के बाद आकाश उर्फ छाेटू बच्चा फरदीन की बुलेट लेकर घूम रहा था. इसी बुलेट को पुलिस ने फरदीन के घर से बरामद होने की पुष्टि की है, जबकि सूत्रों से अनुसार पुलिस द्वारा पीछा करने पर आकाश सुवर्णरेखा नदी में कूद कर भाग गया.
दूसरी तरफ पुलिस ने छोटू के साथी शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर चार निवासी प्रकाश दीप, सपना कॉम्प्लेक्स के गोपाल घोष और बीएच एरिया निवासी फरदीन उर्फ मुस्तफा को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने प्रकाश व गोपाल को जेल भेज दिया है और फरदीन से पूछताछ कर रही है. इस संबंध में कदमा थाना में दुकानदार संतोष कुमार के बयान पर उक्त सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस ने घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी को गिरफ्तार किया है. पुलिस फरदीन को बुधवार को जेल भेजेगी. साथ ही पुलिस सरेंडर करने वाले आकाश को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी.
जान से मारने की दी थी धमकी
इधर, कदमा गौतम अपार्टमेंट ए ब्लॉक में रहने वाले दुकानदार संतोष कुमार के अनुसार 16 अक्तूबर की रात में दुकान बंद करने को लेकर उनके तथा उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गयी थी. इस संबंध में कदमा थाना में मामला दर्ज कराया गया था. मामले को उठाने का आरोपी दबाव बना रहे थे.
आरोपियों की बात नजर अंदाज करने पर 29 अक्तूबर की रात साढ़े नौ बजे फरदीन और आकाश उर्फ छोटू ने अपने साथियों के साथ दुकान पर आये और छह हजार रुपये रंगदारी मांगी तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी. साथ ही दुकान बंद रखने को कहा. घटना के बाद उन्होंने सूचना पुलिस को दी. पुलिस पहुंची और फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गयी. पुलिस ने तड़के साढ़े चार बजे तक छापेमारी कर आकाश उर्फ छोटू को छोड़कर सभी को गिरफ्तार कर लिया.
