विभाग सक्षम हो, तभी योजनाएं जनता तक पहुंचेंगी : सरयू राय

जमशेदपुर : विभागों को पहले सक्षम नहीं बनाया जाये तो उससे जुड़ी योजनाएं जनता तक नहीं पहुंच सकती हैं. विभागों में मैनपावर बढ़ाना होगा. सिर्फ भाड़े के कंसल्टेंट और सिटी मैनेजर के भरोसे नहीं चला जा सकता है. यह बातें राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने कहीं. श्री राय सोमवार को मानगो वन […]

जमशेदपुर : विभागों को पहले सक्षम नहीं बनाया जाये तो उससे जुड़ी योजनाएं जनता तक नहीं पहुंच सकती हैं. विभागों में मैनपावर बढ़ाना होगा. सिर्फ भाड़े के कंसल्टेंट और सिटी मैनेजर के भरोसे नहीं चला जा सकता है. यह बातें राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने कहीं. श्री राय सोमवार को मानगो वन विश्रामागार में मानगो जलापूर्ति योजना के विस्तारीकरण योजना के शिलान्यास सह भूमि पूजन के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.
मौके पर सांसद विद्युत वरण महतो भी थे. श्री राय ने कहा कि जलापूर्ति योजना से जुड़े लोगों को सेवा भाव से काम करना होगा. जलापूर्ति से जुड़े कार्यों में तत्परता दिखानी होगी. कार्यों में लापरवाही की वजह से कई बार जलापूर्ति प्रभावित होती है तथा लोगों को परेशानी होती है .उन्होंने कहा कि हमें टाटा स्टील के कमांड एरिया से भी बेहतर सुविधा देकर एक उदाहरण पेश करने की चुनौती है. इसके लिए बेहतर तालमेल के साथ काम करना होगा. मानगो को इसके लिए टाटा स्टील से आगे निकलना है.
जल मल निकासी के लिए 800 करोड़ की योजना
मंत्री सरयू राय ने बताया कि मानगो को सोनारी, कदमा, साकची जैसे इलाके की हमें बराबरी करना है. इसके तहत 800 करोड़ रुपये की योजना बनायी गयी है. इसके माध्यम से जल-मल की निकासी की व्यवस्था की जायेगी. मानगो नगर निगम का गठन हो चुका है और चुनाव भी होना है, लेकिन सिर्फ चुनाव के लिए नहीं बल्कि जनता की सेवा के लिए कड़ी मेहनत करें. श्री राय ने कहा कि मानगो क्षेत्र का विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है.
कार्यक्रम में पेयजल व स्वच्छता विभाग के अधीक्षण अभियंता सदानंद मंडल, कार्यपालक अभियंता मंतोष मणि, मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, पेयजल विभाग के एसडीओ सुरेन्द्र कुमार सिंह, भाजपा नेता विकास सिंह, संजीव कुमार, चित्तरंजन वर्मा, नीरू सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे. मानगो विकास समिति के अध्यक्ष ओंकार नाथ सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया.
सोनारी पुल से परिचालन शुरू करने को मंत्री ने आयुक्त को भेजा पत्र
जमशेदपुर. मंत्री सरयू राय ने कोल्हान आयुक्त को पत्र लिखकर सोनारी दोमुहानी पुल से होकर भारी वाहनों का परिचालन सुनिश्चित कराने के लिए पहल करने को कहा है. पुल से कांदरबेड़ा (एनएच-33) तक सड़क का काम चल रहा है जिसके जनवरी 2019 तक पूरा होने की उम्मीद है.
श्री राय ने आयुक्त से कहा है कि कांदरबेड़ा-सोनारी पथ का लोकार्पण होने के पूर्व जरूरी अधिसूचनाएं जारी कर दी जाये ताकि लोकार्पण होते ही डिमना चैक से मानगो पुल होकर जमशेदपुर में प्रवेश करने वाले भारी वाहन कांदरबेड़ा-सोनारी पथ और पुल से होकर आना-जाना कर सके. कांदरबेड़ा-सोनारी पथ पूर्वी सिंहभूम जिला और सरायकेला-खरसावां जिला के क्षेत्रों से होकर गुजर रहा है इसलिए दोनों जिला के उपायुक्तों तथा पथ निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारियों एवं अन्य संबंधित पक्षों को इस बारे में निर्देशित करने को कहा गया है ताकि समय रहते जरूरी परामर्श लेकर कार्रवाई की जा सके.
जलापूर्ति योजना एक नजर में
प्रदेश की सबसे बड़ी जलमीनार.
जलधारण क्षमता : 24 लाख लीटर
योजना लागत : 13 करोड़ 83 लाख रुपये
0.47 हेक्टेयर भूमि वन विभाग से पेयजल स्वच्छता विभाग को हस्तांतरित
9.60 लाख लीटर की भूमिगत जल संग्रहणी बनेगी.
61000 से अधिक आबादी लाभांवित होगी.
11676 घरों को जल संयोजन का लाभ मिलेगा.
आच्छादित क्षेत्र : आजादनगर, उलीडीह, आदर्शनगर, राम-कृष्ण काॅलोनी, गुरुद्वारा रोड, मुंशी मुहल्ला, पोस्ट आॅफिस रोड, बैकुंठ नगर, प्रहलाद नगर, गौड़ बस्ती, टीचर्स काॅलोनी, अनुग्रह नारायण काॅलोनी और अनेक समीपवर्ती इलाके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >