जमशेदपुर : सेमेस्टर परीक्षा में फेल होने के बाद बुधवार को छात्राओं ने जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज में जमकर हंगामा किया. ये छात्राएं अर्थशास्त्र आॅनर्स फोर्थ सेमेस्टर की परीक्षा में फेल हो गयी हैं. उनका कहना है कि उनकी उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन सही ढंग से नहीं किया गया है और इसी वजह से 200 छात्राओं में से सिर्फ 40 ही पास हो पायी हैं.
अधिकतर छात्राएं दो से तीन नंबरों से फेल हुई हैं. इससे स्पष्ट है कि मूल्यांकन में ही गड़बड़ी हुई है. हंगामा करीब एक घंटा तक चला. इस दौरान छात्राओं ने प्रिंसिपल रूम को घेर लिया और हंगामा करती रहीं. हंगामा को देखते हुए कॉलेज की प्रिंसिपल ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया और उनकी मांगों को सुना. इस दौरान कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि मूल्यांकन कार्य सही ढंग से किया गया.
जहां तक नंबर बढ़ाकर पास करने की बात है, तो यह संभव नहीं है. लेकिन नियमानुसार जो भी हो सकेगा वह किया जायेगा. इस आश्वासन के बाद छात्राएं शांत हुईं, लेकिन इस दौरान उन्होंने परीक्षा से संबंधित सूचनाएं समय पर नहीं देने समेत कई प्रकार की शिकायत प्रिंसिपल से लिखित रूप से की.
