यूजीसी 2009 की नियमावली से पीएचडी का प्रमाण पत्र देगा केयू
जमशेदपुर : कोल्हान विवि से पीएचडी करने वाले उम्मीदवारों को बड़ी राहत मिली है. राजभवन के हस्तक्षेप के बाद विवि ने पीएचडी डिग्रीधारी छात्र-छात्राओं को यूजीसी 2009 के रेगुलेशन के अनुसार शोध कार्य पूर्ण किये जाने का प्रमाण पत्र निर्गत करने का फैसला किया है. प्रभात खबर की ओर से सोमवार को यह मुद्दा उठाया […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
जमशेदपुर : कोल्हान विवि से पीएचडी करने वाले उम्मीदवारों को बड़ी राहत मिली है. राजभवन के हस्तक्षेप के बाद विवि ने पीएचडी डिग्रीधारी छात्र-छात्राओं को यूजीसी 2009 के रेगुलेशन के अनुसार शोध कार्य पूर्ण किये जाने का प्रमाण पत्र निर्गत करने का फैसला किया है. प्रभात खबर की ओर से सोमवार को यह मुद्दा उठाया गया था.
इसमें विवि की ओर से संबंधित प्रमाण पत्र निर्गत नहीं होने के कारण झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन की ओर से निकली असिस्टेंट प्रोफेसर के भर्ती के आवेदन भरने में उम्मीदवारों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया गया था. छात्रों ने अपनी मांग जोरदार तरीके से रांची स्थित राजभवन से लेकर चाईबासा स्थित केयू तक पहुंचाया. इसके बाद विवि हरकत में आ गया. केयू एकेडमिक काउंसिल की बैठक मंगलवार को कुलपति डॉ शुक्ला माहांती की अध्यक्षता में आयोजित की गयी.
इसमें निर्णय लिया गया कि कोल्हान विवि में की ओर से रांची विवि के पीएचडी रेगुलेशन के आलोक में कोर्स वर्क के साथ शोध कार्य पूरा करने वाले उम्मीदवारों को यूजीसी रेगुलेशन 2009 के तहत पीएचडी की उपाधि प्रदान करने का प्रमाण पत्र निर्गत किया जायेगा. इसके लिए विवि ने यूजीसी 2009 के रेगुलेशन को प्रभावी तिथि से ही अंगीकृत कर लिया. अब तक विवि की ओर से 59 उम्मीदवारों को पीएचडी की डिग्री प्रदान की गयी. इसमें से हिंदी विभाग के एक छात्र को छोड़कर अन्य उम्मीदवारों को संबंधित प्रमाण पत्र निर्गत नहीं किये गये. एकेडमिक काउंसिल के फैसले के आलोक में मंगलवार से ही संबंधित प्रमाण पत्र उम्मीवारों को निर्गत किये जाने लगे.
बैठक में प्रोवीसी डॉ रणजीत कुमार सिंह, प्रॉक्टर डॉ एके झा, वित्त पदाधिकारी सुंधाशु कुमार, डीएसडब्ल्यू डॉ टीसीके रमण, एलबीएसएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ अमर सिंह, एबीएम कॉलेज की प्राचार्य डॉ मुदिता चंद्रा, वर्कर्स कॉलेज के प्राचार्य डॉ बीएन प्रसाद, बहरागोड़ा कॉलेज के प्राचार्य डॉ एसपी महालिक, जीसी जैन कॉमर्स कॉलेज के प्राचार्य डॉ मानदेव प्रसाद, मॉडल महिला कॉलेज की प्राचार्य स्पार्किलन, महिला कॉलेज चाईबासा की प्राचार्य डॉ शैलबाला दास के अलावा सभी डीन और सभी एचओडी उपस्थित रहे.संपूरक परीक्षा पास करने वाले छात्र-छात्राओं का अब ऑनर्स में दाखिला: काउंसिल की बैठक में निर्णय लिया गया कि संपूरक परीक्षा में उत्तीर्ण वैसे छात्र जिनका किसी विषय में 45 प्रतिशत अंक है. उन्हें ऑनर्स में नामांकन दिया जा सकेगा.
इससे पहले एकेडमिक काउंसिल की ओर से इसके लिए बुलायी गयी बैठक में संबंधित प्रस्ताव के अध्ययन के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गयी थी. संबंधित कमेटी की ओर से बैठक में अपनी रिपोर्ट पेश की गयी. इसके आधार पर संबंधित प्रस्ताव को स्वीकृति दी गयी.चार कॉलेजों में सेकेंड शिफ्ट में पीजी की कक्षाएं संचालित करने की स्वीकृति:काउंसिल की बैठक में पीजी के सेकेंड शिफ्ट में कक्षाओं के संचालन की अनुमति दी गयी. पीजी के सेकेंड शिफ्ट के लिए घाटशिला कॉलेज, बहरागोड़ा कॉलेज, सिंहभूम कॉलेज चांडिल, जीसी जैन कॉमर्स कॉलेज चाईबासा को सेकेंड शिफ्ट चलाने की अनुमति दी गयी.
बैठक में कुलपति डॉ शुक्ला माहांती ने कहा कि इसके अलावा अगर दूसरे कॉलेज पीजी में सेकेंड शिफ्ट का प्रस्ताव देंगे, तो उन्हें स्वीकृत किया जायेगा.